You are currently viewing पंजाब में 1000 वोकेशनल ट्रेनर्स की भर्ती निकली? शिक्षा विभाग ने खोला फर्जीवाड़े का राज; जारी की चेतावनी

पंजाब में 1000 वोकेशनल ट्रेनर्स की भर्ती निकली? शिक्षा विभाग ने खोला फर्जीवाड़े का राज; जारी की चेतावनी

चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी स्कूलों में खाली पड़े पदों पर वोकेशनल ट्रेनर्स की भर्ती को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर शिक्षा विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। डायरेक्टर जनरल स्कूल एजुकेशन-कम-स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर, समग्र शिक्षा अभियान (पंजाब) के कार्यालय ने एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर जनता को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे फर्जी विज्ञापनों और सूचियों से सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है।

1000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन और लिस्ट पूरी तरह फर्जी
राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (सेकेंडरी) को भेजे गए एक पत्र में विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनके संज्ञान में आया है कि विभाग या निजी कंपनियों के नाम से फर्जी विज्ञापन और सूचियां धड़ल्ले से शेयर की जा रही हैं। इन विज्ञापनों में दावा किया जा रहा है कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में वोकेशनल ट्रेनर्स के 1,000 रिक्त पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। विभाग ने दो टूक शब्दों में साफ किया है कि ये विज्ञापन और स्कूलों की सूचियां पूरी तरह जाली हैं। न तो शिक्षा विभाग ने और न ही उससे जुड़ी किसी आउटसोर्स एजेंसी ने ऐसी कोई भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

झांसे में न आएं बेरोजगार युवा, न करें आगे फॉरवर्ड
शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, आम नागरिकों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को निर्देश दिया है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक प्रचार या लिस्ट पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी संदेशों और विज्ञापनों को सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ग्रुपों में आगे फॉरवर्ड करने से बचें, ताकि किसी भी युवा को गुमराह होने से बचाया जा सके।

ठगों से रहें सावधान, संदिग्ध की जानकारी तुरंत विभाग को दें
एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि कुछ असामाजिक तत्व और ठग इन फर्जी विज्ञापनों का सहारा लेकर बेरोजगार युवाओं से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे ऐंठने की साजिश रच सकते हैं। विभाग ने लोगों से कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस कथित भर्ती के नाम पर संपर्क करता है या पैसे की मांग करता है, तो उसकी पूरी जानकारी तुरंत विभाग के साथ साझा करें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि यह सार्वजनिक नोटिस केवल आम जनता को जालसाजों के चंगुल से बचाने और सतर्क करने के उद्देश्य से जारी किया गया है।

Recruitment of 1,000 vocational trainers in Punjab? Education Department exposes a fraud