You are currently viewing पंजाब में सरपंच के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, गेट पर मिले गोलियों के निशान; इलाके में फैली दहशत

पंजाब में सरपंच के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, गेट पर मिले गोलियों के निशान; इलाके में फैली दहशत

गुरदासपुर: गुरदासपुर जिले में थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव चोर सिद्धवां में मौजूदा सरपंच मनजिंदर सिंह के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। जानकारी के मुताबिक, दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और सरपंच के घर के गेट के बिल्कुल सामने आकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। सरपंच के घर के गेट पर दो गोलियों के निशान साफ नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिस ने मौके से चार खाली खोल भी बरामद किए हैं।

पटाखों का हुआ भ्रम, सुबह उठकर देखा तो उड़े होश

इस वारदात के बारे में बात करते हुए सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उन्हें जोरदार आवाजें सुनाई दी थीं। हालांकि, उस समय उन्हें लगा कि शायद कोई पटाखे छुड़ा रहा है। लेकिन सुबह जब वे उठकर बाहर आए तो घर के अंदर गोलियों के खोल पड़े देखकर उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद उन्होंने थाना सदर पुलिस को घटना की सूचना दी। सरपंच का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें कभी फिरौती के लिए कोई धमकी भरी कॉल आई है। इसी वजह से यह हमला उनके लिए भी बड़ी हैरानी का विषय बना हुआ है।

सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगालने में जुटी पुलिस

सरपंच के घर गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। घटनास्थल पर डीएसपी शाहबाज सिंह और थाना सदर गुरदासपुर के पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान करने और उनका सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमले के असली कारणों का पता लगाकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

Rapid gunfire outside a Sarpanch’s house in Punjab; bullet marks found on the gate; panic grips the area