You are currently viewing पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, वीडियो बनाते हुए दागीं 8 गोलियां; गैंगस्टर डोनी बल का ऑडियो आया सामने

पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, वीडियो बनाते हुए दागीं 8 गोलियां; गैंगस्टर डोनी बल का ऑडियो आया सामने

बरनाला: पंजाब के बरनाला जिले के गांव फरवाही में मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब 8 राउंड गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए। वारदात के वक्त गायक गुलाब सिद्धू म्यूजिकल शोज के सिलसिले में विदेश में मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस हमले में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ, लेकिन गोलियां घर के मुख्य गेट पर जा लगीं।

बाइक रोककर पिस्तौल से दागीं गोलियां, साथी बनाता रहा वीडियो

घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच घटी। सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ही मोटरसाइकिल पर तीन युवक सिंगर के घर के बाहर आकर रुकते हैं। बाइक के बीच में बैठे बदमाश ने तुरंत पिस्टल लोड कर घर की तरफ दनादन गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद सबसे पीछे बैठे युवक ने भी अपनी जेब से हथियार निकाल कर फायरिंग की, जबकि बाइक चला रहा तीसरा साथी अपने मोबाइल से इस पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहा। काम पूरा होते ही तीनों बदमाश बाइक दौड़ाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। घटना के बाद घर के बाहर कारतूसों के कई खोल बिखरे मिले।

गैंगस्टर डोनी बल के ऑडियो से मची खलबली, फिरौती का शक

वारदात के तुरंत बाद कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल का एक ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें वह गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग करवाने की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है। परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले भी गायक को अज्ञात नंबरों से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकियां मिली थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि फिरौती न देने या गैंगस्टरों की बात न मानने के चलते दहशत फैलाने के मकसद से यह जानलेवा हमला कराया गया है।

इलाके में नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से खाली खोल बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। गांव के मुख्य रास्तों और आसपास के हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक सवार बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि ऑडियो क्लिप की सत्यता और पुरानी धमकियों से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Rapid gunfire at Punjabi singer Gulab Sidhu’s ancestral home; 8 rounds fired while recording a video