चंडीगढ़: पंजाब में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से मेहरबान नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी चंडीगढ़ समेत राज्य के कई प्रमुख हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और झमाझम बारिश की शुरुआत हो गई। मोहाली, लुधियाना, जालंधर और पटियाला में हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस सुहावने मौसम के चलते राज्य के औसतन तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
10 जिलों में अलर्ट, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही राज्य के अलग-अलग इलाकों में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी है। विभाग ने सुबह साढ़े दस बजे तक 10 जिलों में विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। पातड़ां, समाना, पटियाला, राजपुरा और डेराबस्सी जैसे इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, खरड़, रूपनगर, आनंदपुर साहिब और बलाचौर में भी तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
इन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
प्रदेश के अन्य इलाकों की बात करें तो लुधियाना (पूर्वी और पश्चिमी), जालंधर, फगवाड़ा, नवांशहर, होशियारपुर, दसूआ, खन्ना, संगरूर, मालेरकोटला और मूनक में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर पठानकोट और फरीदकोट में सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं, जिससे वहां भी किसी भी वक्त जोरदार बारिश शुरू होने के पूरे आसार बने हुए हैं।


Rain in Jalandhar brings relief from scorching heat and humidity; mercury drops by 1.1 degrees




