
चंडीगढ़: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब के अमृतसर स्थित पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच को तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) आतंकी संगठन से जुड़े संदिग्धों के पंजाब और हरियाणा स्थित 15 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे।
एनआईए की टीमों ने अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, पठानकोट, कपूरथला, रूपनगर और हरियाणा के सिरसा में दबिश दी। इस दौरान संदिग्धों के घरों से मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एजेंसी इन सामग्रियों की गहन जांच कर रही है ताकि हमले की साजिश और BKI गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में पंजाब के अमृतसर जिले की गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला हुआ था। प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी और संगठन के सदस्य हैप्पी पासियां ने इसे अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
गुरुवार को एनआईए ने इस मामले में अपनी जांच की गति बढ़ा दी। छापेमारी की कार्रवाई से जांच एजेंसी को यह समझने में मदद मिली है कि गुमटाला पुलिस चौकी पर किया गया हमला, उत्तरी राज्यों में पुलिस स्टेशनों को निशाना बनाने की एक व्यापक साजिश का हिस्सा था। एनआईए की टीम अब इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
View this post on Instagram

Raids on 15 locations in Punjab-Haryana in Amritsar








