चंडीगढ़: प्यार अंधा होता है, यह कहावत तो आपने सुनी ही होगी, लेकिन कनाडा में एक पंजाबी मूल की महिला जेल गार्ड पर प्यार का ऐसा खुमार चढ़ा कि वह अपनी ड्यूटी और कानून सब कुछ भूल गई। कनाडा की एक जेल में तैनात महिला गार्ड को एक कैदी से ही इश्क हो गया। मोहब्बत में गिरफ्तार इस लेडी गार्ड ने न केवल कैदी को जेल के अंदर अवैध रूप से मोबाइल इस्तेमाल करने दिया, बल्कि अपने उच्च अधिकारियों से भी यह बात छिपाए रखी। अब इस पूरी करतूत का भंडाफोड़ होने के बाद पूर्व जेल गार्ड को 2 साल की कंडीशनल (सशर्त) सजा सुनाई गई है, जिसके तहत उसे कुछ समय तक घर में ही नजरबंद रहना होगा।
मार्च 2021 में जॉइन की थी नौकरी, ऐसे शुरू हुआ सीक्रेट अफेयर
कनाडा पुलिस के मुताबिक, यह चौंकाने वाला मामला ब्रिटिश कोलंबिया इलाके के नॉर्थ फ्रेजर प्रीट्रायल सेंटर का है। अबॉट्सफोर्ड की रहने वाली 31 वर्षीय रमनदीप ने मार्च 2021 में यहां करेक्शनल ऑफिसर (जेल गार्ड) के तौर पर नौकरी शुरू की थी। ड्यूटी जॉइन करने के कुछ महीनों बाद यानी सितंबर 2021 से ही उसका एक कैदी के साथ सीक्रेट रिलेशनशिप शुरू हो गया। दोनों का यह लव अफेयर लगभग एक साल तक चलता रहा। इस दौरान दोनों जेल के आधिकारिक फोन सिस्टम और कैदी के पास मौजूद एक अवैध मोबाइल फोन के जरिए छिप-छिपकर लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे।
रेड पड़ने से पहले ही प्रेमी को कर देती थी सावधान
ड्यूटी के प्रति विश्वासघात की हद पार करते हुए रमनदीप ने अपने अधिकारियों को कभी इस बात की भनक नहीं लगने दी कि कैदी के पास एक अवैध मोबाइल फोन है। अदालत में सुनवाई के दौरान रमनदीप ने खुद कबूल किया कि जब भी जेल में अधिकारियों द्वारा चेकिंग या रेड पड़ने वाली होती थी, तो वह अपने कैदी प्रेमी को पहले ही अलर्ट कर देती थी। इतना ही नहीं, वह मोबाइल को सुरक्षित छिपाने के लिए खास ठिकाने भी सुझाती थी, ताकि किसी को शक न हो। माना जा रहा है कि इस अवैध फोन के जरिए कैदी कई अन्य गतिविधियों को भी ऑपरेट कर रहा था।
अधिकारी के तौर पर विश्वासघात करने की मिली सजा
जब रमनदीप और कैदी के इस सीक्रेट लव अफेयर और मोबाइल छिपाने के खेल का भंडाफोड़ हुआ, तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद रमनदीप पर एक सरकारी अधिकारी के तौर पर विश्वासघात करने का मुकदमा दर्ज किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रमनदीप को 2 साल की कंडीशनल सजा सुनाई है। रमनदीप के वकील गगन नाहल ने इस पूरी कानूनी प्रक्रिया और मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सजा की शर्तों के मुताबिक पूर्व लेडी गार्ड को कुछ समय के लिए घर में नजरबंद रहकर अपनी सजा काटनी होगी।


Punjabi female guard falls for inmate in Canadian prison, used to tip him off before searches




