You are currently viewing पंजाब निकाय चुनाव: कल चुने जाएंगे 8 शहरों के मेयर, वोटिंग से ठीक पहले कई पार्षदों के फोन बंद

पंजाब निकाय चुनाव: कल चुने जाएंगे 8 शहरों के मेयर, वोटिंग से ठीक पहले कई पार्षदों के फोन बंद

चंडीगढ़: पंजाब की आठ प्रमुख नगर निगमों में चुनाव संपन्न होने के बाद अब सबकी नजरें कल होने वाले मेयर पद के चुनाव पर टिक गई हैं। इस चुनाव को लेकर सूबे की सियासत में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो बरनाला, बठिंडा, बटाला, मोगा और मोहाली की पांच नगर निगमों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पूर्ण बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। वहीं, अबोहर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कपूरथला में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। हालांकि, पठानकोट नगर निगम में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर तो उभरी है, लेकिन वह बहुमत के जादुई आंकड़े से दूर है, जिससे वहां जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है।

मोहाली और बठिंडा के पार्षद ‘सैर’ पर, मोबाइल हुए बंद

मेयर चुनाव की तारीख नजदीक आते ही पार्षदों को पाला बदलने से रोकने और एकजुट रखने के लिए ‘बाड़ेबंदी’ का खेल शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा सियासी ड्रामा मोहाली में देखने को मिल रहा है, जहां करीब 22 पार्षदों के मोबाइल फोन अचानक बंद हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये सभी पार्षद इस समय हिमाचल प्रदेश की वादियों में सैर-सपाटा कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ नजारा बठिंडा में भी देखने को मिला है, जहां मेयर पद के मजबूत दावेदारों ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों को राजस्थान के सालासर धाम की यात्रा पर भेज दिया है ताकि ऐन वक्त पर कोई खेल न हो सके।

मोहाली में मेयर की कुर्सी के लिए चार दिग्गजों में फंसा पेंच

मोहाली नगर निगम में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने के बावजूद मेयर पद के उम्मीदवार को लेकर अंदरूनी खींचतान चरम पर है। इस रेस में सबसे पहला और मजबूत नाम मौजूदा विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना का चल रहा है। चर्चा है कि सरबजीत सिंह ही मोहाली के 22 पार्षदों को अपने साथ लेकर हिमाचल पहुंचे हैं और ये सभी पार्षद कल सीधे शपथ ग्रहण और मेयर चुनाव के समय ही मोहाली पहुंचेंगे, तब तक उनका बाहरी दुनिया से संपर्क कटा रहेगा।

समाना के अलावा तीन और बड़े चेहरे इस दौड़ में शामिल हैं। इनमें दूसरा नाम वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनी अहलूवालिया का है, जिनकी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मजबूत पकड़ मानी जा रही है। तीसरी दावेदार गुरमीत कौर हैं, जो पति-पत्नी दोनों के साथ दूसरी बार पार्षद चुनकर आई हैं। वहीं, चौथे नंबर पर चौथी बार चुनाव जीतकर अपनी वरिष्ठता का दावा ठोक रहे सुखदेव सिंह पटवारी का नाम चल रहा है। अब देखना यह होगा कि कल होने वाले चुनाव में किसके सिर पर मेयर का ताज सजता है।

Punjab Civic Polls: Mayors for 8 cities to be elected tomorrow; several councilors’ phones switched off just before voting