You are currently viewing मूसेवाला मर्डर केस में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को तिहाड़ से पंजाब लाने की तैयारी? कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

मूसेवाला मर्डर केस में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को तिहाड़ से पंजाब लाने की तैयारी? कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

मानसा: मशहूर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शुक्रवार को मानसा सेशंस कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। अदालत ने राज्य सरकार को एक बार फिर सख्त निर्देश दिया है कि वह गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को दिल्ली की तिहाड़ जेल से पंजाब लाने (प्रोडक्शन वारंट) की मांग वाली याचिका पर अपना जवाब दाखिल करे। इस बहुचर्चित मामले की अगली सुनवाई अब 18 सितंबर को मुकर्रर की गई है।

9वीं सुनवाई में भी सरकार ने नहीं दिया जवाब
गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई के वकील ने 27 फरवरी को अदालत में एक याचिका दायर की थी। इस अर्जी में मांग की गई थी कि अनमोल को प्रोडक्शन वारंट पर तिहाड़ जेल से लाकर इस मौजूदा केस में हिरासत में लिया जाए। शुक्रवार को इस अर्जी पर 9वीं बार सुनवाई हुई, लेकिन राज्य सरकार की तरफ से अभी तक अपना पक्ष या जवाब दाखिल नहीं किया गया है। इसके अलावा, अदालत ने बचाव पक्ष की ओर से इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की मांग वाली याचिकाओं पर भी राज्य सरकार को जल्द जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।

राखी के कारण टली गवाहों की जिरह, अब 18 को होगी पेशी
शुक्रवार की अदालती कार्यवाही के दौरान अभियोजन पक्ष के दो गवाह- सीनियर कांस्टेबल बलतेज सिंह और सब-इंस्पेक्टर गुरलाल सिंह जिरह के लिए पेश हुए थे। हालांकि, बचाव पक्ष के प्रॉक्सी वकील ने रक्षाबंधन के त्योहार का हवाला देते हुए मामले को स्थगित करने की मांग की। अदालत ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया और गवाहों को निर्देश दिया कि वे अगली सुनवाई पर पूरी केस प्रॉपर्टी के साथ कोर्ट में पेश हों। वहीं, अदालत ने यह भी आदेश दिया है कि अगली सुनवाई के लिए अश्वनी कालिया, इंस्पेक्टर प्रीतपाल सिंह, जशनदीप सिंह और बाकी बचे अन्य अभियोजन गवाहों को भी समन भेजा जाए।

मनी रैया की याचिका पर भी होगी अगली बहस
इन सब के अलावा, मूसेवाला हत्याकांड के एक अन्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रैया ने भी अदालत में एक अर्जी दाखिल की है। उसने सीआरपीसी (CrPC) की धारा 311 के तहत अभियोजन पक्ष के गवाह गुरप्रीत सिंह को दोबारा बुलाने (रिकॉल करने) की मांग की है। मानसा कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मनी रैया की इस अर्जी पर भी 18 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में ही जिरह की जाएगी।

Preparations underway to bring gangster Anmol Bishnoi from Tihar to Punjab in the Moosewala murder case