खन्ना: लुधियाना स्थित खन्ना में बुधवार को भारी तनाव और बवाल देखने को मिला। अपनी लंबित मांगों को लेकर पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध के घर का घेराव करने जा रहे हजारों मनरेगा कर्मचारियों और वर्करों पर पुलिस ने जमकर बल प्रयोग किया। बेकाबू होती भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने न सिर्फ लाठीचार्ज किया बल्कि आंसू गैस के गोले भी दागे। इस पूरी पुलिस कार्रवाई और मची भगदड़ में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं, जिनमें कई महिला कर्मचारी भी शामिल हैं।
पक्की नौकरी और वेतन के लिए पूरे पंजाब से जुटे थे वर्कर
मनरेगा विभाग में अपनी नौकरी पक्की (स्थायीकरण) करने और कई महीनों से रुके हुए वेतन को जारी करने की मांग को लेकर पंजाब भर के कर्मचारियों ने खन्ना में एक बड़े रोष प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसी आह्वान पर राज्य के अलग-अलग जिलों से हजारों की तादाद में वर्कर खन्ना के प्रेम भंडारी पार्क में इकट्ठा हुए थे। पार्क में एक विशाल सभा करने के बाद सभी प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर अमलोह रोड स्थित पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध के आवास की तरफ रोष मार्च शुरू कर दिया।
बैरिकेडिंग टूटने पर पुलिस से हुई जोरदार धक्कामुक्की
मंत्री के आवास के बाहर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों का रास्ता पूरी तरह से रोक दिया। लेकिन जब उग्र भीड़ ने बैरिकेड हटाकर जबरन आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस और वर्करों के बीच जोरदार धक्कामुक्की शुरू हो गई। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने पहले भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े और बाद में उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
‘शांतिपूर्ण मार्च पर हुआ बल प्रयोग’, कांग्रेस ने भी बोला हमला
घायल महिला वर्करों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। यूनियन नेताओं ने इस पूरी पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके शांतिपूर्ण रोष मार्च पर जानबूझकर बल प्रयोग किया है, जबकि वे सिर्फ अपनी बात मंत्री तक पहुंचाना चाहते थे। नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि 18 सालों से ग्रामीण विकास में लगी इस फोर्स को अगर जल्द पक्का नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र होगा।
वहीं, इस घटना को लेकर पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला है। वड़िंग ने ट्वीट करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से ‘सतनाम वाहेगुरु’ का जाप करते हुए अपना हक मांग रहे मजदूरों पर आंसू गैस छोड़ना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जो सरकार किसानों और मजदूरों के साथ खड़े होने का दावा करती है, उसे बल प्रयोग करने के बजाय उनकी आवाज सुननी चाहिए।


Police lathi-charged and fired tear gas shells at MNREGA workers on their way to the Panchayat




