जालंधर: पुलिस कमिश्नरेट जालंधर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर कड़ा अंकुश लगाने और शहर के ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू करने के उद्देश्य से एक अहम क्राइम रिव्यू बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइंस के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) ने की। बैठक में कमिश्नरेट के तमाम राजपत्रित अधिकारियों (गजेटेड ऑफिसर्स), सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी इंचार्जों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराध की समग्र स्थिति, लंबित मुकदमों, जांच की प्रगति, भगोड़े व वांछित अपराधियों की धरपकड़, साइबर धोखाधड़ी, लूट-खसोट और चोरी की वारदातों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए पुलिसिंग में सामने आ रही कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए। फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी संजीदगी से निभाएं ताकि किसी भी स्तर पर ढिलाई न रहे।
कमिश्नर सतिंदर सिंह ने विशेष रूप से स्नैचिंग और नशा तस्करी के सिंडिकेट में शामिल अपराधियों के खिलाफ आक्रामक और समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बार-बार अपराध करने वाले आदतन अपराधियों, ड्रग सप्लायरों और नशा वितरण नेटवर्क पर निगरानी को और ज्यादा कड़ा किया जाए। स्नैचिंग और नशे से प्रभावित संवेदनशील इलाकों में गश्त (पेट्रोलिंग), नाकाबंदी, औचक वाहन चेकिंग, बीट पुलिसिंग और खुफिया जानकारी जुटाने के नेटवर्क को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है, जिससे सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी साफ नजर आए।
ट्रैफिक प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ट्रैफिक अनुशासन हर नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने फील्ड अधिकारियों को हिदायत दी कि सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले उल्लंघनों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और नियमों का निष्पक्ष, सतत व असरदार तरीके से पालन कराया जाए। इसके साथ ही आम जनता के बीच सुरक्षित ड्राइविंग, जिम्मेदार सड़क उपयोग और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के अभियान भी निरंतर चलाने के निर्देश दिए गए।
मीटिंग के समापन पर पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, समर्पण और पेशेवर दृष्टिकोण के साथ ड्यूटी करने का आह्वान किया, ताकि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर जालंधर को एक पूरी तरह सुरक्षित शहर बनाया जा सके।


Police Commissioner holds crime review meeting in Jalandhar; directives issued for strict action against snatching




