You are currently viewing Gold खरीदने, विदेश में शादी और यात्रा को लेकर PM मोदी की देशवासियों से खास अपील, देखें VIDEO

Gold खरीदने, विदेश में शादी और यात्रा को लेकर PM मोदी की देशवासियों से खास अपील, देखें VIDEO

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत विकास दर को लेकर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक रील साझा करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध, आर्थिक संकट और सप्लाई चेन में व्यवधान के बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और कई तरह के संकटों से जूझ रही है। कोविड-19 के दौर के बाद से वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता की कमी बनी हुई है और सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। इसके बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है, जो देश के लिए गर्व की बात है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना
पीएम मोदी ने अपने संदेश में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं और झूठ के जरिए जनता के बीच निराशा फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम चुनौतियों को पार करते हुए भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। अब जरूरत इस गति को बनाए रखने की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को लगातार आगे बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भर भारत का निर्माण बेहद जरूरी है।

देखें VIDEO-

विदेश यात्रा और सोने की खरीद को लेकर अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, विदेश यात्रा से बचना चाहिए और देश में ही पर्यटन को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने विदेशों में शादियां करने से भी बचने की बात कही। पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतनी ही तेजी से आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा।

‘2047 तक विकसित भारत’ का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका विश्वास है कि जब भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश अपनी युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने में सफल होगा। उन्होंने देशवासियों से अपने प्रयासों में कोई कमी न रखने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की नीति सही दिशा में है और नीयत साफ है। 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों से संवाद करते हुए लोगों से देश को आत्मनिर्भर बनाने और भारत की विकास यात्रा को और गति देने का संकल्प लेने की अपील की।

इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं से संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे जनता तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। रील्स के माध्यम से वह खासकर युवाओं से संवाद करने की कोशिश करते हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान भी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक अपना संदेश पहुंचाया था। इसके बाद से पीएम मोदी कई मौकों पर सोशल मीडिया पर वीडियो और रील साझा कर चुके हैं।

PM Modi’s special appeal to citizens regarding buying gold, weddings abroad, and travel