अमृतसर: अमृतसर आए एक प्रवासी भारतीय (NRI) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उनके शव को हरिके नहर के पास फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान 66 वर्षीय सुनील शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले थे और उनके पास ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता थी। वह अमृतसर में अपने पुश्तैनी घर की देखरेख और डेंटिंग-पेंटिंग का काम करवाने के लिए भारत आए थे।
22 मई से लापता थे सुनील शर्मा, बेटी ने वीडियो जारी कर सीएम से लगाई थी गुहार
सुनील शर्मा के ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले परिवार ने बताया कि भारत आने के बाद 22 मई को उनसे आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से ही उनका फोन लगातार बंद आने लगा और परिवार का उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया। पिता का सुराग न मिलने पर ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाली उनकी बेटी सुरभि शर्मा ने एक भावुक वीडियो जारी कर पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पिता को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई थी। वीडियो वायरल होने के बाद अमृतसर पुलिस ने पहले गुमशुदगी और बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे किडनैपिंग (अपहरण) के केस में तब्दील कर दिया था।
मेलबर्न के स्कूल में मैथ्स टीचर थे सुनील शर्मा
मृतक की बेटी सुरभि शर्मा ने बताया कि उनके पिता सुनील शर्मा ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर के एक नामी स्कूल में गणित (मैथ्स) के टीचर थे और वहां अपने बेटे व बेटी के साथ हंसी-खुशी रह रहे थे। पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पुलिस ने सुनील शर्मा की हत्या की पुष्टि करते हुए उनके सगे भाई सनी शर्मा को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से करोड़ों की पुश्तैनी जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था और इसी प्रॉपर्टी विवाद के चलते भाई ने इस खौफनाक हत्याकांड की साजिश रच डाली।
ड्रग्स तस्करी के मामले में पहले से वांटेड था आरोपी भाई
अमृतसर देहात के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी सनी शर्मा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले से ही पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट (नशा तस्करी) के एक गंभीर मामले में वांछित और भगोड़ा चल रहा था। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से आरोपी भाई और उसके कुछ अन्य पारिवारिक सदस्य फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस की विशेष टीमों ने घेराबंदी करके दबोच लिया है। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात की एक-एक सच्चाई जनता के सामने रखी जाएगी।

NRI teacher visiting Amritsar from Australia brutally murdered; body found near Harike Canal








