लुधियाना: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ के साथ हिट फिल्म ‘जट एंड जूलियट-3’ में स्क्रीन शेयर कर चुकीं एक्ट्रेस रंजीत कौर सोशल मीडिया पर अपने एक खास डायलॉग को लेकर बुरी तरह विवादों में घिर गई हैं। इंटरनेट पर ‘भाभी चुम्मेवाली’ के नाम से मशहूर रंजीत कौर की रील्स पर ऐतराज जताते हुए निहंगों के एक जत्थे ने सीधे उनके घर पर ही धावा बोल दिया।
‘चक्क भाभी दा चुम्मा…’ डायलॉग पर मचा बवाल
दरअसल, रंजीत कौर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी हर रील के अंत में आंख मारते हुए एक खास तुकबंदी का इस्तेमाल करती हैं। वह अपने वीडियो में किसी न किसी का नाम लेकर ‘आई लव यू’ बोलती हैं और फिर फ्लाइंग किस देते हुए कहती हैं, ‘वीरवार है या जुम्मां ले, चक्क भाभी दा चुम्मा’। एक्ट्रेस का यही चुटीला अंदाज और तुकबंदी अब उनके गले की फांस बन गई है।
बठिंडा से लुधियाना पहुंचे निहंग, दी सख्त चेतावनी
रंजीत कौर की इन रील्स को लेकर निहंग सिखों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए बठिंडा से निहंगों का एक जत्था लुधियाना स्थित एक्ट्रेस के घर पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा किया। निहंगों ने एक्ट्रेस को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगे से सोशल मीडिया पर इस तरह की अश्लील तुकबंदी वाली कोई भी रील अपलोड की गई, तो इसके परिणाम बेहद खतरनाक होंगे।
गिड़गिड़ाती रहीं एक्ट्रेस, अंत में मांगनी पड़ी लिखित माफी
अपने ही घर में निहंगों के जत्थे को देखकर रंजीत कौर घबरा गईं। वह निहंगों के सामने हाथ जोड़कर लगातार गिड़गिड़ाती रहीं और सफाई देती रहीं कि उनके वीडियो में किसी भी तरह की कोई अश्लीलता नहीं है। हालांकि, निहंग उनकी इस दलील को मानने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। भारी दबाव और हंगामे को देखते हुए आखिर में रंजीत कौर को झुकना पड़ा। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए बकायदा लिखित में माफीनामा दिया और निहंगों को यह भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में ऐसी रील्स या डायलॉग का इस्तेमाल नहीं करेंगी।


Nihangs barged into the home of the actress who starred in Diljit Dosanjh’s ‘Chakk Bhabhi Da Chumma’ reel








