चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में आज 28 हजार से अधिक छात्र नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) का री-एग्जाम दे रहे हैं। पिछले विवादों से सबक लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से फुलप्रूफ बनाने के लिए इतने कड़े कदम उठाए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके। पंजाब के 16 जिलों में करीब 170 और चंडीगढ़ में 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सेंटर्स पर कड़े सुरक्षा घेरे के बीच छात्रों की एंट्री शुरू हो गई है और सघन चेकिंग के साथ-साथ बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
NTA ने बरती पूरी गोपनीयता, लिस्ट तक नहीं की सार्वजनिक
परीक्षा में किसी भी तरह की सेंधमारी या गड़बड़ी को जड़ से खत्म करने के लिए NTA ने इस बार एक बेहद सीक्रेट रणनीति अपनाई है। हैरानी की बात यह है कि परीक्षा केंद्रों की सूची को वेबसाइट पर सार्वजनिक ही नहीं किया गया। छात्रों को केवल उनके एडमिट कार्ड के जरिए ही सेंटर का नाम और पता बताया गया है। इस कदम से किसी भी बाहरी व्यक्ति या असामाजिक तत्व को सेंटर्स की भनक तक नहीं लग पाई है, जिससे एग्जाम का सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित हो गया है।
डीसी के हाथों में पूरी कमान, चप्पे-चप्पे पर पहरा
सुरक्षा व्यवस्था को इस बार अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। इस अहम परीक्षा की पूरी कमान सीधे तौर पर जिलों के डिप्टी कमिश्नरों (DC) को सौंपी गई है, जिन्हें नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पंजाब पुलिस के साथ-साथ सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों के कंधों पर है। परीक्षा सामग्री को कस्टोडियन बैंक से सेंटर्स तक लाने के लिए भी विशेष वाहनों का इंतजाम किया गया है, जिन्हें पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें खुद एस्कॉर्ट करके ला रही हैं ताकि रास्ते में कोई भी चूक न हो।
छात्रों को फ्री बस सेवा और स्पेशल ट्रेनों की सौगात
लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा के लिए यातायात के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने पंजाब में चार खास स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार ने परीक्षार्थियों के लिए बसों में सफर बिल्कुल मुफ्त कर दिया है। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होनी है, इसलिए प्रशासन ने सभी छात्रों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उन्हें हर हाल में दोपहर डेढ़ बजे से पहले अपने संबंधित परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।


NEET Re-exam: CRPF deployed at centers in Punjab and Chandigarh; NTA maintained strict confidentiality








