चंडीगढ़: कनाडा में स्थायी निवास (पीआर) का सपना देखने वाले पंजाब के युवाओं और कुशल कामगारों के लिए इमिग्रेशन की राह अब पहले जैसी आसान नहीं रह गई है। 5 अगस्त 2026 को हुए ‘कैनेडियन एक्सपीरियंस क्लास’ (सीईसी) ड्रॉ ने एक बार फिर से उम्मीदवारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस ड्रॉ में 3,000 उम्मीदवारों को पीआर के लिए निमंत्रण मिला है, लेकिन इसके लिए न्यूनतम सीआरएस (कंप्रिहेंसिव रैंकिंग सिस्टम) कटऑफ स्कोर 516 रहा है। यह स्कोर 21 जुलाई को हुए ड्रॉ के बराबर ही है, जो स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि कनाडा में काम कर रहे कुशल प्रवासियों के बीच पीआर हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है।
फ्रेंच भाषा जानने वालों के लिए आसान है राह
सामान्य एक्सप्रेस एंट्री ड्रॉ में जहां कटऑफ 516 तक पहुंच गया है, वहीं फ्रेंच भाषा में मजबूत पकड़ रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह राह काफी आसान नजर आ रही है। जानकारों के मुताबिक, जुलाई में फ्रेंच भाषा श्रेणी के लिए निकाले गए ड्रॉ में सीआरएस कटऑफ मात्र 399 तक पहुंच गया था। यह भाषा आधारित श्रेणी उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर बनकर उभरी है, जो ऊंचे सामान्य एक्सप्रेस एंट्री स्कोर की चुनौती से पार नहीं पा पा रहे हैं।
516 के कटऑफ तक पहुंचना क्यों है मुश्किल?
कनाडा में 516 का सीआरएस स्कोर हासिल करना अब किसी चुनौती से कम नहीं है। इमिग्रेशन विशेषज्ञों के अनुसार, एक्सप्रेस एंट्री में उम्र, शिक्षा, भाषा क्षमता और कनाडाई कार्य अनुभव के आधार पर अंक दिए जाते हैं। केवल कनाडाई डिग्री और कार्य अनुभव से इतना ऊंचा स्कोर हासिल करना आसान नहीं है। उदाहरण के तौर पर, 30 वर्ष का मास्टर डिग्रीधारी उम्मीदवार, जिसके पास 3 वर्ष का कनाडाई कार्य अनुभव और बेहतरीन भाषा स्कोर है, वह भी 506 से 516 के स्कोर दायरे तक ही पहुंच पाता है।
पंजाब के युवाओं के लिए क्या है रणनीति और विकल्प?
पंजाब के युवाओं के लिए अब केवल आईईएलटीएस (IELTS) और डिग्री के भरोसे कनाडा का पीआर पाना मुश्किल हो गया है। इमिग्रेशन विशेषज्ञ पूजा सिंह के अनुसार, कनाडा में पढ़ाई या नौकरी हासिल करना ही अब अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए। अब युवाओं को विदेश जाने से पहले ही पूरी पीआर रणनीति तैयार करनी होगी। उन्होंने सलाह दी है कि बढ़ते सीआरएस कटऑफ को देखते हुए उम्मीदवारों को प्रांतीय नामांकन कार्यक्रम (पीएनपी) और फ्रेंच भाषा जैसे महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्तों पर ध्यान देना चाहिए, जो भविष्य में उनके स्थायी निवास का रास्ता आसान बना सकते हैं।


Moving to Canada gets tougher! Express Entry CRS cutoff hits 516




