मानसा: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने जमीन कब्जाने के आरोपों पर अब अपनी चुप्पी तोड़ते हुए विरोधियों को करारा जवाब दिया है। सोशल मीडिया पर गांव के पूर्व सरपंच द्वारा वायरल किए गए एक वीडियो पर भड़कते हुए बलकौर सिंह ने सारे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह उन्होंने पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदी है और उनके पास इसके सारे पक्के सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं।
बेटे शुभ ने बहुत कुछ छोड़ा है, साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश
बलकौर सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी सामाजिक छवि खराब करने और उनकी ही वैध जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से यह घिनौनी साजिश रच रहे हैं। उन्होंने भावुक और सख्त लहजे में कहा कि उनके बेटे शुभदीप (सिद्धू मूसेवाला) ने अपनी मेहनत से उनके लिए बहुत कुछ छोड़ा है, इसलिए उन्हें किसी अन्य व्यक्ति की जमीन पर कब्जा करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर झूठे वीडियो वायरल कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
रजिस्ट्री और इंतकाल सहित सारे कानूनी दस्तावेज मौजूद
पूर्व सरपंच के दावों की हवा निकालते हुए बलकौर सिंह ने कहा कि जिस जमीन पर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसके वे पूर्ण रूप से कानूनी मालिक हैं। उन्होंने बताया कि जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे रजिस्ट्री, इंतकाल (म्यूटेशन) और सरकारी रसीदें उनके पास सुरक्षित हैं। उन्होंने साफ किया कि कानूनी रूप से खरीदी गई अपनी ही जमीन का कब्जा मांगना कोई अवैध कब्जा नहीं होता, बल्कि विरोधी खुद उनकी जमीन पर नीयत खराब कर रहे हैं और कानून को गुमराह कर रहे हैं।
1.87 करोड़ में बेची थी जमीन, कब्जा न देने पर पति-पत्नी हुए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि मूसा गांव में चल रहे इस जमीनी विवाद में कुछ दिन पहले ही पुलिस ने एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि इस दंपती ने पिछले साल बलकौर सिंह को 1.87 करोड़ रुपये में अपनी जमीन बेची थी और उनसे पूरी रकम भी वसूल ली थी। लेकिन, रजिस्ट्री होने के बावजूद वे बलकौर सिंह को जमीन का मालिकाना हक और कब्जा सौंपने से लगातार इनकार कर रहे थे। इसी विवाद को लेकर गांव के पूर्व सरपंच ने एक वीडियो जारी कर बलकौर सिंह पर उल्टे जमीन कब्जाने का आरोप लगा दिया था, जिस पर अब मूसेवाला के पिता ने सबूतों के साथ पलटवार किया है।


Moosewala’s father furious over land-grabbing allegations; exposes former Sarpanch’s conspiracy by presenting evidence








