You are currently viewing ‘आज मैं उसे हमेशा के लिए आजाद कर रही हूं…’, मरने से पहले भाई को वीडियो भेज विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, फरार हुए ससुराल वाले

‘आज मैं उसे हमेशा के लिए आजाद कर रही हूं…’, मरने से पहले भाई को वीडियो भेज विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, फरार हुए ससुराल वाले

पटियाला: पटियाला में घरेलू क्लेश और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान रानी के रूप में हुई है। मौत को गले लगाने से पहले रानी ने एक बेहद भावुक और दर्दनाक वीडियो बनाकर अपने भाई को भेजा, जिसमें उसने अपने पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से ही ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे मामले में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

वीडियो मिलते ही उड़े परिजनों के होश, घर पहुंचे तो फंदे से लटक रहा था शव

मृतका के मायके वाले लुधियाना के रहने वाले हैं। जैसे ही रानी के भाई और मां को उसका बनाया हुआ वीडियो मिला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत रानी के ससुराल वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने पटियाला में ही रहने वाले एक रिश्तेदार को घर भेजा, तो पता चला कि रानी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। जब लुधियाना से मायके वाले पटियाला पहुंचे, तो ससुराल के सभी लोग घर से गायब मिले। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रजिंद्रा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

‘मेरी मौत के जिम्मेदार ये सब होंगे, मम्मी-पापा का ध्यान रखना…’

मरने से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में रानी ने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा, “मेरा पति मुझसे आजाद होना चाहता है। वह मुझे हमेशा बोलता है कि मुझे आजाद कर दे, मुझे छोड़ दे… इसलिए आज मैं उसे हमेशा के लिए आजाद कर रही हूं।” रानी ने आगे कहा कि अगर इसके बाद वह अपने साथ कुछ भी करती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उसके पति, सास, ननद और ससुर की होगी। उसने अपनी सास और ननद पर बुरा व्यवहार करने और ताने मारने का आरोप लगाते हुए अपने भाई से माता-पिता का ध्यान रखने की आखिरी अपील की।

परिजनों के भारी हंगामे के बाद पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद गुस्साए मायके वालों ने ससुरालियों की तुरंत गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों के भारी दबाव और हंगामे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसका जीजा उसकी बहन को बार-बार छोड़ने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि रानी ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया है। फिलहाल परिवार ससुर, सास और ननद की गिरफ्तारी पर अड़ा हुआ है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। 

Married woman takes drastic step after sending video to brother before death