You are currently viewing ठगी से परेशान शख्स ने थाने के बाथरूम में खुद को लगाई आग, तड़प-तड़पकर मौत; पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ठगी से परेशान शख्स ने थाने के बाथरूम में खुद को लगाई आग, तड़प-तड़पकर मौत; पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

खन्ना: पंजाब के खन्ना से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक ढोंगी ‘बाबा’ द्वारा की गई कथित ठगी से परेशान होकर एक व्यक्ति ने खन्ना के सिटी-1 थाने के बाथरूम में खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लुधियाना के ईश्वर नगर (ब्लॉक-सी) निवासी गोबिंद सिंह के रूप में हुई है। इस खौफनाक घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गरीबी दूर करने का दिया था झांसा

जानकारी के अनुसार, गोबिंद सिंह पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। खन्ना के ललहेड़ी रोड निवासी कथित बाबा चरण दास ने उसे झांसा दिया था कि वह कुछ खास उपाय करके उसकी गरीबी और सारी आर्थिक मुश्किलें दूर कर देगा। इसी वादे के झांसे में आकर गोबिंद ने बाबा को 53,000 रुपये दे दिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई चमत्कारी उपाय काम नहीं आया और गोबिंद की आर्थिक स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई, तो उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए। हालांकि, आरोपी बाबा ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

थाने में शिकायत देने के बाद उठाया खौफनाक कदम

एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक रविवार को खन्ना सिटी-1 पुलिस स्टेशन में कथित बाबा और उसके तीन साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आया था। गोबिंद सिंह ने अपनी लिखित शिकायत में साफ तौर पर कहा था कि यदि उसे कुछ होता है, तो उसकी मौत के लिए ये चारों लोग जिम्मेदार होंगे। पुलिस को शिकायत सौंपने के बाद पीड़ित थाने के बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद करके खुद को आग के हवाले कर लिया।

डेढ़ घंटे बाद जली हुई लाश मिलने से मची अफरातफरी

सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि थाने के अंदर इतनी बड़ी घटना हो गई और करीब डेढ़ घंटे तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब काफी देर बाद कुछ लोग बाथरूम की तरफ गए, तब जाकर अंदर से एक व्यक्ति की जली हुई लाश मिली। इसके बाद पूरे थाने में अफरातफरी मच गई। आला अधिकारियों को घटना की सूचना देने के बाद मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कथित बाबा चरण दास और उसके तीन साथियों- मक्खन सिंह, जुगराज सिंह (जिम्मी) और इंदरप्रीत सिंह (सभी खन्ना निवासी) को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

Man distressed by fraud sets himself on fire in police station bathroom