You are currently viewing पंजाब पुलिस को ‘ऑपरेशन लॉन्ग आर्म’ के तहत बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी मोस्ट वांटेड गैंगस्टर गिरफ्तार

पंजाब पुलिस को ‘ऑपरेशन लॉन्ग आर्म’ के तहत बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी मोस्ट वांटेड गैंगस्टर गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने प्रदेश में गैंगस्टरों के सफाए के लिए चलाए जा रहे ‘वार ऑन गैंगस्टर’ अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल ‘ऑपरेशन लॉन्ग आर्म’ के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंजाब के मोस्ट वांटेड और पांच लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर वीरेंद्र जोबन को अफ्रीकी देश अंगोला से गिरफ्तार कर लिया है। एजीटीएफ के एसपी बिक्रमजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह खूंखार गैंगस्टर चार सनसनीखेज हत्या के मामलों में वांछित था और काफी समय से पुलिस की राडार पर था।

‘संदीप’ नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर रह रहा था विदेश में

पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए शातिर जोबन ने ‘संदीप’ नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और इसी जाली पहचान के सहारे वह विदेश फरार होने में कामयाब हो गया था। फर्जी पहचान के कारण उसकी लोकेशन का पता लगाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ सूचनाएं साझा कीं और करीब तीन महीने तक एक बेहद गुप्त और इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन चलाया। विभिन्न एजेंसियों की तकनीकी निगरानी और तालमेल का ही नतीजा था कि आखिरकार जोबन को अंगोला में ढूंढ निकाला गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जोबन के साथ मौजूद मनजोत सिंह नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जो हरियाणा पुलिस का वांटेड है।

विदेशों से चल रहे रंगदारी नेटवर्क पर लगेगी करारी चोट

पंजाब पुलिस के इस सफल ऑपरेशन को विदेशों में बैठकर अपराध का सिंडिकेट चलाने वालों के लिए एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेशों में छिपे गैंगस्टर लगातार एक्सटॉर्शन कॉल और धमकियों के जरिए पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन वीरेंद्र जोबन की इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी से ऐसे नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा। यह इस बात का प्रमाण है कि कानून के हाथ बहुत लंबे हैं और विदेश भागकर भी कोई अपराधी बच नहीं सकता। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के प्रभावी समन्वय से हुई इस गिरफ्तारी के बाद अब सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपी को जल्द से जल्द पंजाब लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Major success for Punjab Police under ‘Operation Long Arm’: Most-wanted gangster with a 5 lakh reward arrested