फ़िरोज़पुर: पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अब तक की एक बड़ी और अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिरोजपुर में एएनटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में भारी सफलता हासिल की है। इन तस्करों के कब्जे से 30 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। सीमा पार से चल रहे इस ड्रग्स नेटवर्क पर यह पुलिस का एक बहुत बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
वरना कार से फाजिल्का ले जा रहे थे नशे की खेप
पुलिस विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि तस्कर हेरोइन की एक बड़ी खेप को ठिकाने लगाने जा रहे हैं। ये तीनों आरोपी फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव अलीके से यह खेप लेकर फाजिल्का की ओर निकलने की फिराक में थे। इसके लिए वे एक सफेद रंग की वरना कार (नंबर पीबी 77 5973) का इस्तेमाल कर रहे थे। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी की और कार समेत तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान फिरोजपुर और गांव गुलाम पतरा के रहने वाले हंस प्रीत, अनमोल प्रीत और आकाश सिंह के रूप में हुई है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी हेरोइन
इस मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया है कि हेरोइन की यह भारी-भरकम खेप पड़ोसी देश पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से फिरोजपुर के सीमावर्ती इलाके में पहुंचाई गई थी। तस्करों ने वहां से इसे रिसीव किया और आगे सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस और खुफिया एजेंसियां तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही हैं, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों और उनके आकाओं का पर्दाफाश किया जा सके।


Major Pakistani plot foiled in Punjab; ANTF nabs 3 smugglers with 30 kg of heroin




