You are currently viewing जालंधर में रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में भारी हंगामा, मलेशिया वर्क परमिट के नाम पर टूरिस्ट वीजा देने की थी तैयारी; पासपोर्ट रोकने पर मचा बवाल

जालंधर में रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में भारी हंगामा, मलेशिया वर्क परमिट के नाम पर टूरिस्ट वीजा देने की थी तैयारी; पासपोर्ट रोकने पर मचा बवाल

जालंधर: शहर के ताज मार्केट स्थित रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी और पासपोर्ट बंधक बनाने को लेकर जमकर विवाद खड़ा हो गया। लुधियाना के राहों रोड (बस्ती जोधेवाल) निवासी पीड़ित युवक संदीप कुमार ने ट्रैवल एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि मलेशिया का वर्क परमिट लगवाने के नाम पर उसका पासपोर्ट जमा करवाया गया था, लेकिन एजेंसी गुपचुप तरीके से उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजने की फिराक में थी। जब युवक ने असलियत सामने आने पर अपना पासपोर्ट वापस मांगा, तो एजेंटों ने पैसे की अड़ी लगा दी, जिसके बाद दफ्तर में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा हो गया।

वर्क परमिट की जगह टूरिस्ट वीजा, पासपोर्ट के बदले मांगे 3 हजार

पीड़ित संदीप कुमार के अनुसार, ट्रैवल एजेंसी के साथ सिर्फ काम (वर्क परमिट) के सिलसिले में बातचीत हुई थी और उसने कोई एडवांस रकम नहीं दी थी। इसी बीच उसे पता चला कि कंसलटेंसी संचालक उसे काम के बजाय टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया रवाना करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बात का विरोध जताते हुए जब पीड़ित ने दस्तावेज वापस मांगे, तो कंपनी संचालकों ने साफ इनकार कर दिया और पासपोर्ट रिलीज करने के एवज में 3000 रुपये की अनुचित मांग शुरू कर दी। एजेंसी के इस अड़ियल और जबरन वसूली वाले रवैये को लेकर विवाद भड़क गया।

दबाव बनाने के लिए दफ्तर से उठाया फोन, दोनों पक्षों में तनातनी

हंगामे के दौरान स्थिति उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गई जब पीड़ित पक्ष ने अपना पासपोर्ट वापस हासिल करने का दबाव बनाने के लिए कंसलटेंसी दफ्तर की टेबल से एक मोबाइल फोन उठा लिया। इस हरकत के बाद एजेंसी संचालक और पीड़ित परिवार आमने-सामने आ गए और दफ्तर के बाहर लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। मामले को बिगड़ता देख पीड़ित परिवार ने तुरंत जालंधर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर मौके पर बुलाया। वहीं मौके पर पहुंचे समाज सेवी सम्राट ने कहा कि अपनी बात रखना सही है, लेकिन कानून हाथ में लेकर किसी का फोन उठाना गलत कदम था।

कमिश्नरेट पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बिठाया, जांच जारी

सूचना मिलते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई सुच्चा सिंह पुलिस दल के साथ ताज मार्केट पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए संबंधित थाने ले आई है। एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि एजेंसी संचालकों द्वारा पासपोर्ट रोकने और पीड़ित पक्ष द्वारा दफ्तर से मोबाइल फोन उठाने के दोनों आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयानों की पूरी पड़ताल करने के बाद कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Major commotion at the Royal Overseas Consultants office in Jalandhar; plans were afoot to issue tourist visas under the guise