You are currently viewing जालंधर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 सेकेंड में 4 गोलियां चलाने वाला खूंखार शूटर मुठभेड़ में पस्त; लक्की पटियाल गैंग से है कनेक्शन

जालंधर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 सेकेंड में 4 गोलियां चलाने वाला खूंखार शूटर मुठभेड़ में पस्त; लक्की पटियाल गैंग से है कनेक्शन

जालंधर: जालंधर में शहर के चर्चित वरदान अस्पताल पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सुबह के वक्त हुई इस पुलिस मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया। गिरफ्तार किया गया शूटर कुख्यात गैंगस्टर लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। एनकाउंटर के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया है और पूरे इलाके को सील कर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

नाकाबंदी के दौरान फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने इस बड़ी सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम को आरोपी की मूवमेंट को लेकर एक पक्की और गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने इलाके में सख्त नाकाबंदी की हुई थी। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की तरफ से भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह वहीं पस्त हो गया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान जोध सिंह जोधा के रूप में हुई है, जिसे फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

3 सेकेंड में बरसाई थीं 4 गोलियां, सीसीटीवी में कैद हुई थी दहशत
गौरतलब है कि बीते 28 फरवरी की रात करीब साढ़े 9 बजे मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल पर एक नकाबपोश बदमाश ने सरेआम फायरिंग कर भारी दहशत फैला दी थी। हमलवार ने सिर पर हेलमेट पहन रखा था ताकि पहचान न हो सके। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया था कि बदमाश ने महज 3 सेकेंड के भीतर 4 से 5 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जो अस्पताल के मुख्य गेट को चीरते हुए अंदर तक आर-पार निकल गई थीं। वारदात के वक्त अस्पताल में मौजूद स्टाफ के लोग गोलियों की आवाज सुनकर बुरी तरह सहम गए थे और इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

लापरवाही पर गिरी थी गाज, एसीपी और एसएचओ हुए थे सस्पेंड
शहर के बीचोंबीच हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया था। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई सुरक्षा चूक को लेकर तत्कालीन पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया था। उन्होंने सख्त प्रशासनिक कदम उठाते हुए मॉडल टाउन के एसीपी परमिंदर सिंह और मॉडल टाउन थाने के एसएचओ रविंदर कुमार को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था। अब मुख्य शूटर के पकड़े जाने से पुलिस ने इस बड़ी वारदात का पर्दाफाश कर लिया है, जिससे इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Major action by Jalandhar Police: Notorious shooter—who fired four rounds in three seconds