जालंधर: जालंधर में पठानकोट चौक के पास सुच्ची पिंड इलाके में दिनदहाड़े LPG गैस की बड़े पैमाने पर चोरी की जा रही है। गैस माफिया बेखौफ होकर खुले आसमान के नीचे गैस टैंकरों से सीधे पाइप लगाकर घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों में गैस भर रहे हैं। इस अवैध धंधे से न केवल सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की जान भी भारी खतरे में पड़ गई है। स्थानीय लोगों ने अब इस खेल के खिलाफ सबूतों के साथ पुलिस कमिश्नर से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

खाली प्लॉट में चल रहा मौत का अवैध कारोबार
दरअसल, जालंधर के सुच्ची पिंड में इंडेन कंपनी का एक बड़ा एलपीजी स्टोरेज डिपो है। यहां से हर दिन सैकड़ों टैंकर भरकर पंजाब और जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में गैस की सप्लाई के लिए निकलते हैं। आरोप है कि डिपो से गैस भरने के बाद कुछ टैंकरों को पठानकोट रोड पर स्थित एक खाली प्लॉट में ले जाकर खड़ा कर दिया जाता है। इसके बाद वहां नोजल पाइप के जरिए टैंकरों से सीधे तौर पर कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों में गैस पलटी जाती है। इस पूरे गोरखधंधे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लीकेज से बड़े धमाके की दहशत में हैं लोग
इलाके में चल रहे इस खतरनाक खेल को लेकर स्थानीय निवासी अहमद ने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने अपनी शिकायत में साफ कहा है कि इस खुले प्लॉट में गैस चोरी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। अहमद ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर गैस ट्रांसफर करते समय किसी दिन जरा सी भी लीकेज हो गई या कोई चिंगारी सुलग गई, तो एक भयानक धमाका होगा और पूरा इलाका तबाही की चपेट में आ जाएगा। उन्होंने पुलिस से तुरंत इस काम को रुकवाने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि यहां से चोरी होने के बाद ही ये टैंकर आगे जम्मू की ओर रवाना होते हैं, जिसके चलते हर टैंकर में तय मात्रा से कम गैस पहुंचती है।
शिकायतकर्ता को मिल रही मामला रफा-दफा करने की धमकी
इस गैस चोरी कांड की शिकायत करने वाले एक अन्य व्यक्ति ठाकुर हेमंत प्रताप सिंह ने भी पुलिस के सामने अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि इस खुलेआम हो रही गैस चोरी का पुख्ता वीडियो उनके पास मौजूद है। ठाकुर हेमंत प्रताप का गंभीर आरोप है कि जब से उन्होंने इस मामले की शिकायत की है, तब से गैस चोरी करने वाला गिरोह उन्हें लगातार धमकियां दे रहा है। उन्हें पिछले दो दिनों से मामला शांत रखने और इसे रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि इस बड़े नेक्सस पर कब तक कार्रवाई की जाती है।


LPG theft in broad daylight in Jalandhar; cylinders being filled from tankers in a vacant plot




