You are currently viewing पंजाब BJP के पूर्व अध्यक्ष के घर के पास जोरदार धमाका, पुलिस-डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे; CCTV खंगालने पर खुला ये सच

पंजाब BJP के पूर्व अध्यक्ष के घर के पास जोरदार धमाका, पुलिस-डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे; CCTV खंगालने पर खुला ये सच

पठानकोट: पंजाब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष और पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा के न्यू बैंक कॉलोनी स्थित आवास के पास सुबह-तड़के हुए जोरदार धमाके की आवाज से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। चूंकि मामला एक वरिष्ठ नेता की सुरक्षा से जुड़ा था, इसलिए सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। हालांकि, जब जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से तफ्तीश शुरू की, तो मामले की जो सच्चाई सामने आई उसने सभी को हैरान कर दिया।

विधायक के जाने के एक घंटे बाद गूंजी धमाके की आवाज

जानकारी के मुताबिक, पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा सुबह करीब 4:30 बजे अपने आवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे। उनके जाने के महज एक घंटे बाद यानी करीब 5:30 बजे उनके घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर अचानक किसी चीज के फटने की तेज आवाज सुनाई दी। तड़के गूंजी इस आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल, खुफिया एजेंसियां, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर घेराबंदी की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में दिखी एक युवक की हरकत, ऐसे खुला राज

मामले की जांच में जुटी पुलिस की टीम जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कर रही थी, तभी फुटेज में एक स्थानीय युवक की गतिविधि दिखाई दी। युवक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई। तफ्तीश आगे बढ़ी तो पता चला कि यह आवाज किसी विस्फोटक की नहीं, बल्कि इसी युवक द्वारा चलाए गए एक बेहद तेज आवाज वाले पटाखे (स्काई शॉट) की थी। इस खुलासे के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है कि उसने उस समय पटाखा किस मकसद से चलाया था।

पुलिस ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं, लिया जाएगा माफीनामा

मौके पर पहुंचे एसपी मनोज ठाकुर और एसपी सुखविंदर पाल सिंह ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह के विस्फोटक या आतंकी एंगल के संकेत नहीं मिले हैं। यह महज एक पटाखा फोड़ने की घटना थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं, थाना डिवीजन नंबर-1 की प्रभारी अमनदीप कौर ने बताया कि मामला काफी संवेदनशील था, इसलिए युवक से लिखित में माफीनामा लिया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Loud explosion near former Punjab BJP president’s house; police and dog squad reach the scene