You are currently viewing पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने वाले अटारी के सरपंच पर जानलेवा हमला, वीडियो जारी कर खोले कई बड़े नाम; पुलिस पर भी उठाए सवाल

पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने वाले अटारी के सरपंच पर जानलेवा हमला, वीडियो जारी कर खोले कई बड़े नाम; पुलिस पर भी उठाए सवाल

अमृतसर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे अटारी गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह ने नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम चलाने पर खुद पर और अपने समर्थक पर जानलेवा हमला होने का गंभीर आरोप लगाया है। सरपंच का दावा है कि नशे के अवैध कारोबार को लगातार बेनकाब करने के कारण उन पर यह तीसरा जानलेवा हमला किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सीमा पार से नशा तस्करी में शामिल कई स्थानीय लोगों के नाम उजागर किए हैं और पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
‘तीसरी बार हुआ हमला, पुलिस पर से उठा भरोसा’
सरपंच हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि गांव में खुलेआम बिक रहे नशे और सीमा पार से हो रही ड्रग्स तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले हुए दो हमलों की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस और जिला प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उनका भरोसा प्रशासनिक तंत्र से उठ गया है। सरपंच ने स्पष्ट किया कि धमकियों और हमलों के बावजूद वह युवाओं को नशे के गर्त में जाने से बचाने के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
वीडियो की जांच कर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
मामले को लेकर अमृतसर (ग्रामीण) के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने कहा कि उन्हें इस वीडियो या आरोपों की पूर्व जानकारी नहीं थी और सरपंच ने पहले उनसे सीधे मुलाकात नहीं की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले और वायरल वीडियो की गहन जांच की जाएगी। एसएसपी ने जोर देकर कहा कि नशा तस्करी को लेकर पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन से तस्करी और नशे का बढ़ता जाल
अटारी बॉर्डर बेल्ट में नशे का मकड़जाल बेहद गहरा है। केवल अमृतसर जिले में ही इस साल जनवरी से अब तक पुलिस, काउंटर इंटेलिजेंस और एसएसओसी (SSOC) ने पाकिस्तान से भेजी गई 426 किलोग्राम हेरोइन और 17 किलोग्राम आईसीई (ICE) बरामद की है। तस्करों द्वारा सीमा पार से नशीले पदार्थों की डिलीवरी के लिए ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं।
‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत भारी बरामदगी
पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत 1 मार्च 2025 से 29 जुलाई के बीच 54,687 एफआईआर दर्ज कर 4,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार और 71,919 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में 483 ड्रोनों के साथ 755 किलोग्राम हेरोइन पकड़ी है। इस पूरे अभियान के दौरान अब तक कुल 3,448 किलोग्राम हेरोइन, 61 किलोग्राम आईसीई, 42 टन भुक्की, 871 किलोग्राम अफीम और करीब 59 लाख नशीली गोलियां जब्त की जा चुकी हैं, साथ ही नेटवर्क से जुड़ी 648 ‘बड़ी मछलियों’ की पहचान की गई है।

Lethal attack on the Sarpanch of Attari, who had raised his voice against drug smugglers in Punjab