
जालंधर: पेरिस पैरालिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं जालंधर की बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली को एशियाई पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण चोट का सामना करना पड़ा। महिला एकल के फाइनल मुकाबले के दौरान तीसरे सेट में संतुलन बिगड़ने से उनके घुटने में गंभीर चोट लग गई।
घटना के तुरंत बाद पलक को कोर्ट से बाहर ले जाया गया, जहां जांच में पता चला कि उन्हें सर्जरी की आवश्यकता है। इस चोट के कारण उन्हें न केवल फाइनल मुकाबला बीच में ही छोड़ना पड़ा, बल्कि आने वाले कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों से भी बाहर रहना होगा। पलक कोहली ने स्वयं इस घटना की जानकारी साझा की है।
पलक ने इस मुश्किल घड़ी में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “यह सब संभालना मुश्किल है, खासकर जब आप खिताब के इतने करीब हों और फिर ऐसी अप्रत्याशित घटना घट जाए जो आपके नियंत्रण में न हो। लेकिन खेल और जीवन ऐसे ही हैं। मेरी सर्जरी हो चुकी है और अब मैं धीरे-धीरे ठीक हो रही हूं। मैं वादा करती हूं कि मैं और भी मजबूत होकर वापसी करूंगी।” उन्होंने अपने शुभचिंतकों, प्रशंसकों और टीम के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्यार और समर्थन ने उन्हें इस कठिन समय में बहुत सहारा दिया है।
भारत की सबसे प्रतिभाशाली पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में शुमार पलक कोहली ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए गौरव हासिल किया है और पेरिस पैरालिंपिक में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। वर्तमान में पलक का पूरा ध्यान अपनी रिकवरी पर केंद्रित है, और उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही कोर्ट पर वापसी कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
View this post on Instagram
Jalandhar’s para-badminton player Palak Kohli








