You are currently viewing पंजाब में ISI की साजिश नाकाम, 4 नाबालिगों समेत 9 गिरफ्तार; रेलवे ट्रैक पर CCTV लगाकर पाकिस्तान भेज रहे थे खुफिया फुटेज

पंजाब में ISI की साजिश नाकाम, 4 नाबालिगों समेत 9 गिरफ्तार; रेलवे ट्रैक पर CCTV लगाकर पाकिस्तान भेज रहे थे खुफिया फुटेज

अमृतसर: पंजाब में एक बार फिर शांति भंग करने की पाकिस्तान की नापाक साजिश का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के समर्थन से संचालित एक बेहद खतरनाक आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने चार नाबालिगों सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों के पास से हथियारों का जखीरा और पेट्रोल बम बरामद हुए हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि राज्य में किसी बड़ी और खौफनाक आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।

विदेशी आकाओं के इशारे पर पंजाब दहलाने की थी तैयारी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी चार बोतलें बरामद की हैं, जिन्हें हमले के वक्त बम के रूप में इस्तेमाल किया जाना था। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये सभी आरोपी विदेशों में बैठे आईएसआई के आकाओं (हैंडलरों) के सीधे संपर्क में थे और उन्हीं के इशारों पर काम कर रहे थे। इन भटके हुए युवकों को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था। इन्हें सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने और पंजाब का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने का जिम्मा सौंपा गया था।

रेलवे ट्रैक पर CCTV लगाकर पाकिस्तान भेजते थे फुटेज

जांच के दौरान इस आतंकी मॉड्यूल को लेकर एक और बेहद सनसनीखेज बात सामने आई है। इन देशद्रोहियों ने पंजाब की संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेलवे ट्रैक के पास बाकायदा सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कर दिए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड की जाने वाली खुफिया फुटेज सीधे विदेशी हैंडलरों को पाकिस्तान भेजी जा रही थी। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर एक ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) पोल पर एक खुफिया सीसीटीवी कैमरा लगा मिला था, जिसे लगातार चलाने के लिए सोलर पैनल भी लगाया गया था। पुलिस को कैमरे में एक सिम कार्ड मिला था, जो गुरदेव नामक शख्स के नाम पर था। इसी गुरदेव की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हुईं।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, कई थानों में FIR दर्ज

इस गंभीर मामले को लेकर अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस आतंकी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इन्हें फंडिंग कहां से मिल रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से स्लीपर सेल या सदस्य जुड़े हुए हैं। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त लहजे में स्पष्ट कर दिया है कि राज्य की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क के हर राज से पर्दा उठाया जाएगा।

ISI plot foiled in Punjab; 9 arrested, including 4 minors; they were installing CCTV cameras