नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार तड़के मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, घटना के कुछ ही घंटों बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक गुट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस अंधाधुंध फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए सनसनी फैला दी है।
सलमान खान से बढ़ती करीबी बनी हमले की वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ‘अनिल पंडित’ गुट की तरफ से एक सोशल मीडिया मैसेज जारी किया गया। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि यह हमला गुरु रंधावा की बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान से बढ़ती नजदीकियों और दोस्ती के कारण किया गया है। बता दें कि गुरु रंधावा पश्चिम विहार स्थित इस ’24 आवर्स फिटनेस’ (24 Hs Fitness) जिम के मालिक और प्रमोटर के तौर पर जुड़े हुए हैं। इस नई घटना ने एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को सुर्खियों में ला दिया है, जो इससे पहले भी सलमान खान और उनसे जुड़े कई लोगों को जान से मारने की धमकियां दे चुका है।
बाइक सवारों ने दागी 7 गोलियां, एक्शन में दिल्ली पुलिस
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश जिम के बाहर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग करके वहां से फरार हो गए। जांचकर्ताओं का कहना है कि हमले के दौरान कम से कम सात गोलियां चलाई गईं। इस पूरी घटना का पता तब चला जब सुबह सवा पांच बजे जिम का स्टाफ वहां पहुंचा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल, दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है और जबरन वसूली, संगठित अपराध व आपसी रंजिश जैसे सभी एंगल्स से मामले को खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीमें और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।


Indiscriminate firing at singer Guru Randhawa’s gym in Delhi; panic grips the area








