You are currently viewing जालंधर में सरेआम मनचलों की गुंडागर्दी, पिता के सामने बेटी से छेड़छाड़, विरोध करने पर की हाथापाई; फिर पब्लिक ने सिखाया सबक

जालंधर में सरेआम मनचलों की गुंडागर्दी, पिता के सामने बेटी से छेड़छाड़, विरोध करने पर की हाथापाई; फिर पब्लिक ने सिखाया सबक

जालंधर: जालंधर शहर के गाजी गुल्ला इलाके से मनचलों की सरेआम गुंडागर्दी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सरेराह एक युवती के साथ तीन बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ की। जब युवती के पिता ने इस शर्मनाक हरकत का कड़ा विरोध किया, तो मनचले गुंडागर्दी पर उतर आए और उन्होंने बीच सड़क पर पिता के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखकर तुरंत आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने मनचलों को पकड़कर उनकी जमकर धुनाई कर दी।

दही भल्ले लेकर घर लौट रहे थे पिता-पुत्री, तभी भिड़े मनचले

इस पूरी घटना की विस्तार से जानकारी देते हुए पीड़िता के चाचा वरुण ने बताया कि उनका भाई अपनी बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर बाजार से दही भल्ले लेकर वापस घर की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक अन्य बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसकी भतीजी को देखकर फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ की। एक पिता के लिए यह बर्दाश्त के बाहर था, इसलिए जब उसके भाई ने मनचलों की इस घटिया हरकत का कड़ा विरोध किया, तो तीनों युवकों ने उल्टे उसके भाई पर ही हमला बोल दिया और हाथापाई शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा होने लगी।

मौके पर पहुंचे चाचा ने भीड़ के साथ मिलकर की ‘छित्तर परेड’

वरुण ने आगे बताया कि वह भी इत्तेफाक से उसी रास्ते से गुजर रहा था। सड़क पर भारी भीड़ जमा देखकर जब वह वहां रुका, तो उसने देखा कि तीनों युवक उसके भाई के साथ बुरी तरह उलझे हुए हैं और हाथापाई कर रहे हैं। यह देखते ही वरुण ने स्थानीय लोगों की मदद ली और तीनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों और परिजनों ने मिलकर तीनों मनचलों की जमकर ‘छित्तर परेड’ (पिटाई) की। भीड़ का गुस्सा और खुद को घिरता देख तीनों युवक गिड़गिड़ाने लगे और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन युवकों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज चेक किए और सख्त चेतावनी देकर उन्हें बिना पुलिस कार्रवाई के ही मौके से छोड़ दिया।

In Jalandhar, miscreants indulge in brazen hooliganism; a girl is molested in front of her father