जालंधर: महानगर के चिक्की चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित ट्रक पहले सीधा डिवाइडर से टकराया और फिर एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि कार (नंबर PB 08 E 8228) पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
गाड़ी का हुआ ‘टोटल लॉस’, बाल-बाल बचा कार सवार
राहत की बात यह रही कि इतने भयंकर एक्सीडेंट के बावजूद कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के वक्त जोरदार झटके के कारण कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है और वाहन पूरी तरह से ‘टोटल लॉस’ की स्थिति में आ गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने इस खौफनाक हादसे के लिए सीधे तौर पर ट्रक ड्राइवर की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
सीसीटीवी से खुलेगा हादसे का राज, ट्रक ड्राइवर का होगा डोप टेस्ट
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कार आगे निकल चुकी थी और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। वहीं, ट्रक ड्राइवर अपनी सफाई में दावा कर रहा है कि वह अपनी सही लेन में था और कार अचानक उसके सामने आ गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों के बाद अब हादसे की असली वजह जानने के लिए इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही, ट्रक ड्राइवर का मेडिकल और डोप टेस्ट भी करवाया जाएगा ताकि यह साफ हो सके कि वह ड्राइविंग के समय नशे की हालत में तो नहीं था।

In Jalandhar, an out-of-control truck completely wrecked a car, rendering the vehicle a total loss








