जालंधर: जालंधर के गोरायां इलाके में समराड़ी नहर के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से फिसलते हुए करीब 15 फीट नीचे खेतों में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि पलटी खाने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, इस खौफनाक दुर्घटना में एक बड़ा चमत्कार देखने को मिला और कार चला रहे बुजुर्ग चालक की जान बाल-बाल बच गई।
सड़क के गड्ढे ने बिगाड़ा संतुलन, पलटी खाते हुए गिरी कार
हादसे के संबंध में चश्मदीद और पास के गांव धुलैता के पंच पवित्र सिंह ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार धुलैता गांव के रास्ते से होते हुए समराड़ी रोड के जरिए अपरा की तरफ जा रही थी। जैसे ही यह कार समराड़ी नहर के पास पहुंची, सड़क पर बने एक गड्ढे के कारण चालक का वाहन से अचानक नियंत्रण हट गया। पलक झपकते ही तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और कई बार पलटी खाते हुए सड़क से सीधे 15 फीट नीचे खेतों में जा गिरी।
रिश्तेदारों से मिलने अपरा जा रहे थे होशियारपुर के बुजुर्ग
इस भयानक दुर्घटना को देखकर आसपास के लोगों की सांसें अटक गईं और वे तुरंत मदद के लिए दौड़े। पंच पवित्र सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार में केवल एक बुजुर्ग व्यक्ति ही सवार थे, जो मूल रूप से होशियारपुर के रहने वाले हैं। वह अपनी गाड़ी से अपरा गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना होने के बावजूद बुजुर्ग को केवल मामूली चोटें ही आईं और एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।


In Jalandhar, a car overturned into fields 15 feet below after hitting a pothole




