You are currently viewing जालंधर के रॉयल स्पा सेंटर के बंद कमरे में चल रहा था गंदा धंधा, पुलिस ने मारा छापा; 3 युवतियां समेत एक युवक गिरफ्तार

जालंधर के रॉयल स्पा सेंटर के बंद कमरे में चल रहा था गंदा धंधा, पुलिस ने मारा छापा; 3 युवतियां समेत एक युवक गिरफ्तार

जालंधर: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने छोटी बारादरी पार्ट-2 इलाके में चल रहे ‘रॉयल स्पा’ मसाज सेंटर पर अचानक छापेमारी कर वहां चल रहे देह व्यापार के अवैध नेटवर्क को बेनकाब किया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके से तीन युवतियों और एक युवक को आपत्तिजनक सामग्री के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुना जाल

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के सख्त निर्देशों पर यह पूरी कार्रवाई एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई। जानकारी के मुताबिक, थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार शुक्रवार को अपनी टीम के साथ फेज-1 की लाइटों के पास नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से एक बेहद पुख्ता सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि गढ़ा रोड पर ताज मार्केट के सामने छोटी बारादरी पार्ट-2 में चल रहे ‘रॉयल स्पा’ सेंटर के भीतर मसाज की आड़ में बाहर से लड़कियां बुलाकर जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा है।

अंदर का नजारा देख पुलिस भी रह गई दंग

सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 में तुरंत एफआईआर (मुकदमा नंबर 181) दर्ज की गई और पुलिस की टीम ने स्पा सेंटर पर सुनियोजित तरीके से रेड मार दी। पुलिस के अचानक वहां पहुंचने से हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवतियों और एक युवक को धर दबोचा। तलाशी लेने पर स्पा सेंटर के अंदर से काफी आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।

हरियाणा और दिल्ली से जुड़े हैं सेक्स रैकेट के तार

इस सेक्स रैकेट के तार हरियाणा और दिल्ली तक जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान हरियाणा के रोहतक (सेनीपुरा) निवासी अशोक उर्फ आर्यन के रूप में हुई है, जो फिलहाल दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-1 में रह रहा था। वहीं, पकड़ी गई तीनों युवतियों में से दो हरियाणा की रहने वाली हैं। इनकी पहचान पानीपत के मॉडल टाउन की रहने वाली पूजा और अंसल सुशांत सिटी (पानीपत) की वंदना के रूप में हुई है। तीसरी युवती प्रीती मिश्रा जालंधर के ही बस्ती गुज्जां इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।

मुख्य सरगना की तलाश में जुटी पुलिस

शुरुआती पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस स्पा सेंटर के संचालक ग्राहक सेवा और मसाज की आड़ में बाहरी राज्यों से लड़कियों को यहां बुलाते थे और उनसे देह व्यापार कराते थे। फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे काले धंधे के मुख्य सरगना को पकड़ा जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट से शहर के और कितने लोग जुड़े हुए हैं।

Illicit activities were being conducted behind closed doors at a ‘Royal Spa Center’ in Jalandhar