You are currently viewing मेयर विनीत धीर की माता जी की रस्म क्रिया में उमड़े सैकड़ों लोग, नम आंखों से अर्पित की श्रद्धांजलि

मेयर विनीत धीर की माता जी की रस्म क्रिया में उमड़े सैकड़ों लोग, नम आंखों से अर्पित की श्रद्धांजलि

जालंधर: जालंधर के मेयर विनीत धीर की माता जी स्वर्गीय आशा धीर के निधन पर पूरे शहर में शोक की लहर है। उनकी आत्मिक शांति के लिए सोमवार दोपहर को प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर में रस्म क्रिया का धार्मिक आयोजन किया गया। इस शोक सभा में समाज के हर वर्ग से लोग पहुंचे। शहर की बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत की प्रमुख हस्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की और मेयर विनीत धीर व उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

देवी तालाब मंदिर में गूंजी प्रभु महिमा, संतों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

श्री देवी तालाब मंदिर परिसर में आयोजित रस्म क्रिया के दौरान धार्मिक माहौल बेहद भावुक और शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान दिव्य ज्योति जागृति संस्थान से पहुंचीं सुमेधा भारती, बीना भारती, रीचा भारती, साध्वी निर्मलाज्योति भारती और साध्वी निवृति भारती के साथ-साथ स्वामी नरेश, स्वामी विन्यानंद और स्वामी तरुण ने प्रभु महिमा का सुंदर वर्णन किया। संतों और साध्वी समाज ने जीवन और मृत्यु के शाश्वत सत्य पर प्रकाश डालते हुए स्वर्गीय आशा धीर की दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और भगवान से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

सियासत, प्रशासन और पत्रकारिता जगत के दिग्गजों ने साझा किया दुख

मेयर के परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाने के लिए राजनीति, प्रशासन और मीडिया जगत की कई जानी-मानी हस्तियां एक छत के नीचे एकत्र हुईं। शोक सभा में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, अजीत प्रकाशन समूह के मुख्य संपादक स. बरजिंदर सिंह हमदर्द, दैनिक सवेरा के मुख्य संपादक शीतल विज और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह विशेष रूप से पहुंचे। इन सभी गणमान्य लोगों ने मेयर विनीत धीर से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं और माता जी के समाज के प्रति योगदान को याद किया।

हर दल के नेताओं ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

रस्म क्रिया के इस भावुक अवसर पर राजनीतिक दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर विभिन्न पार्टियों के नेता शामिल हुए। श्रद्धांजलि देने वालों में विधायक बावा हैनरी, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, आदमपुर हलका इंचार्ज पवन कुमार टीनू, जालंधर सेंट्रल इंचार्ज नितिन कोहली, भाजपा नेता स. अमरजीत सिंह अमरी और चेयरमैन चंदन ग्रेवाल शामिल रहे। इसके अलावा अतुल भगत, शैरी चड्ढा, प्रो. एमपी सिंह, सौरभ सेठ और दर्शन भगत समेत शहर के कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी उपस्थित होकर स्वर्गीय आशा धीर को श्रद्धासुमन अर्पित किए और ईश्वर से परिवार को यह कठिन दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Hundreds of people turned out for the rituals following the passing of Mayor Vineet Dhir’s mother