You are currently viewing जालंधर में दिल दहला देने वाला हादसा, साइकिल सवार बुजुर्ग के सिर के ऊपर से गुजरा ट्रक का टायर; मौके पर ही दर्दनाक मौत

जालंधर में दिल दहला देने वाला हादसा, साइकिल सवार बुजुर्ग के सिर के ऊपर से गुजरा ट्रक का टायर; मौके पर ही दर्दनाक मौत

जालंधर: जालंधर के डॉ. बीआर अंबेडकर चौक पर सोमवार सुबह एक बेहद खौफनाक और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक का पहिया बुजुर्ग के सिर के ऊपर से गुजर गया। खून से लथपथ बुजुर्ग ने एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सड़क पर तड़पते हुए दम तोड़ दिया।

नकोदर चौक की तरफ जा रहे थे बुजुर्ग

मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा के रहने वाले रतन सिंह के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे रतन सिंह अपनी साइकिल पर सवार होकर नकोदर चौक की ओर जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए और ट्रक का भारी-भरकम टायर उनके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ा गया ड्राइवर

घटना के समय अंबेडकर चौक पर ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी ट्रक ड्राइवर को भागने का मौका नहीं दिया और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। पकड़े गए ड्राइवर को आगे की कार्रवाई के लिए थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

परिजनों के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

थाना डिवीजन नंबर-4 के जांच अधिकारी एएसआई हीरा लाल ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही उनकी टीम फौरन मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि मृतक बुजुर्ग के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Horrifying accident in Jalandhar: Truck tire runs over elderly cyclist’s head