संगरूर: पंजाब के संगरूर जिले से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी बहू ने अपने सगे भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही सास को बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया। चीमा मंडी थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्यारी बहू समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
मृतका के भाई की शिकायत पर एक्शन में आई पुलिस
चीमा मंडी थाने के एसएचओ बलजीत सिंह ने इस वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को यह शिकायत कोठे अकालगढ़ (बरनाला) के रहने वाले जगजीत सिंह ने दी थी। जगजीत सिंह ने अपने बयान में बताया कि उसकी बहन बलजीत कौर (निवासी शेरों, संगरूर) की हत्या उसकी ही बहू जसवीर कौर उर्फ नूर ने की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस खौफनाक साजिश में बहू का भाई गुरविंदर सिंह उर्फ गोविंद (निवासी शेरों) और भाई का दोस्त हरमनदीप सिंह (निवासी रंगियां) भी पूरी तरह से शामिल थे। शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, अदालत से मिला पुलिस रिमांड
संगरूर की एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल और डीएसपी (सुनाम) हरविंदर सिंह खैरा के सख्त निर्देशों के बाद चीमा थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने जसवीर कौर, उसके भाई गुरविंदर और दोस्त हरमनदीप के खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने सास बलजीत कौर की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है, ताकि कत्ल की असली वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी की जा सके।


Horrific act by a modern-day daughter-in-law: Brutally murdered her mother-in-law in collusion with her brother




