बठिंडा: कहते हैं कि जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले एक टैक्सी ड्राइवर के साथ भी कुछ ऐसा ही चमत्कार हुआ है। जो इंसान महीने के मुश्किल से 15 से 16 हजार रुपये कमा पाता था, वह अब रातों-रात 3 करोड़ रुपये का मालिक बन गया है। पंजाब के बठिंडा में सवारी छोड़ने आए इस गरीब ड्राइवर ने महज 500 रुपये की लॉटरी का टिकट खरीदा था, जिसने उसकी तकदीर हमेशा के लिए बदल कर रख दी।
सवारी छोड़ने बठिंडा गए थे, वहीं चमका भाग्य
करोड़पति बनने वाले इस भाग्यशाली शख्स का नाम कल्याण चंद है, जो हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की फतेहपुर तहसील के निवासी हैं। कल्याण चंद पिछले 20 सालों से भी अधिक समय से टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी टैक्सी में एक सवारी को लेकर दिहाड़ी पर पंजाब के बठिंडा आए थे। इसी दौरान उन्होंने 500-500 रुपये वाली लॉटरी की दो टिकटें खरीद लीं। उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उनका यह कदम उन्हें गरीबी से निकालकर करोड़ों के सिंहासन पर बिठा देगा।
यूट्यूब पर लाइव रिजल्ट देखकर नहीं हुआ अपनी आंखों पर यकीन
कल्याण चंद ने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आमदनी बहुत सीमित है। कई बार तो हालात ऐसे बन जाते हैं कि परिवार का गुजारा करने के लिए उन्हें अलग से दिहाड़ी-मजदूरी भी करनी पड़ जाती है। लॉटरी जीतने का पता कैसे चला, इस पर कल्याण ने चेहरे पर मुस्कान लाते हुए बताया कि वह यूट्यूब पर लॉटरी का लाइव रिजल्ट देख रहे थे। शुरुआत में छोटे नंबर निकल रहे थे, लेकिन जैसे ही बड़ी इनामी राशि के आखिरी डिजिट स्क्रीन पर फ्लैश हुए, तो उन्होंने देखा कि वह नंबर उनके पास मौजूद टिकट का ही है। पूरे नंबर स्क्रीन पर देखते ही वह सन्न रह गए और उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। इस अद्भुत खुशखबरी को उन्होंने सबसे पहले अपनी पत्नी के साथ साझा किया।
5 साल का इंतजार हुआ खत्म, अब पूरा करेंगे पिता का सपना
कल्याण चंद ने बताया कि वह किस्मत आजमाने के लिए साल 2021 से लॉटरी का टिकट खरीद रहे हैं। पिछले साल उन्होंने सुना था कि बठिंडा की ‘रतन लॉटरी’ से ही किसी व्यक्ति ने 11 करोड़ रुपये का बंपर इनाम जीता है। इसी वजह से जब वह बठिंडा पहुंचे तो उन्होंने खास तौर पर उसी दुकान को तलाश कर वहां से टिकट खरीदा। कल्याण के परिवार में उनके पिता, भाई-बहन, पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। 3 करोड़ रुपये जीतने के बाद कल्याण का कहना है कि भगवान ने उनकी फरियाद सुन ली है। इस बड़ी रकम से वह अपने पिता का सबसे बड़ा सपना पूरा करेंगे। उनके पिता का एक सराय भवन था जो अब जर्जर होकर गिर चुका है, कल्याण अब उसी जगह पर एक नई इमारत बनाकर सराय का निर्माण करवाएंगे।


Himachal taxi driver’s fortunes changed overnight after dropping off passengers in Punjab








