You are currently viewing अमृतसर में श्रद्धालुओं को होटल में कमरे के लिए तंग करना पड़ा भारी, गुस्से में आए निहंग ने युवक को जड़ दिया थप्पड़

अमृतसर में श्रद्धालुओं को होटल में कमरे के लिए तंग करना पड़ा भारी, गुस्से में आए निहंग ने युवक को जड़ दिया थप्पड़

अमृतसर: गुरु नगरी अमृतसर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को होटल के नाम पर परेशान करने वालों के खिलाफ अब स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। श्री हरमंदिर साहिब के पास स्थित हेरिटेज स्ट्रीट पर ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां श्रद्धालुओं को जबरन होटल ले जाने की जिद कर रहे एक युवक को यह हरकत भारी पड़ गई। मौके पर मौजूद एक निहंग सिंह ने न सिर्फ युवक को कड़ी फटकार लगाई, बल्कि उसे बीच रास्ते में ही थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद से इलाके में होटल के लिए ग्राहकों को खींचने वाले दलालों में हड़कंप मचा हुआ है।

श्रद्धालुओं को होटल दिलाने के नाम पर करते थे परेशान

जानकारी के मुताबिक, मारपीट करने वाले निहंग की पहचान परमजीत सिंह अकाली के रूप में हुई है। निहंग परमजीत सिंह का कहना है कि हेरिटेज स्ट्रीट पर कुछ लोग बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को होटल में कमरे दिलाने के नाम पर जबरन रोकते हैं और उन्हें लगातार परेशान करते हैं। उनका दावा है कि इस तरह के व्यवहार से पवित्र नगरी में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच बहुत गलत संदेश जाता है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने श्रद्धालुओं को तंग कर रहे उक्त युवक को बीच रास्ते में रोका और उसके साथ यह कार्रवाई की।

परिवार की शिकायत वाले वीडियो के बाद बढ़ा गुस्सा

बताया जा रहा है कि यह घटना हाल ही में सामने आए एक अन्य वीडियो के बाद हुई है। उस वीडियो में श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार ने आरोप लगाया था कि हेरिटेज स्ट्रीट पर होटल के दलाल उन्हें बार-बार रोककर परेशान कर रहे थे। परिवार ने बताया था कि उन्हें रास्ते में घेरकर लगातार अलग-अलग होटलों के कमरों का प्रस्ताव दिया जा रहा था, जिससे वे काफी असहज और परेशान हो गए थे। वायरल वीडियो में निहंग युवक को सख्त चेतावनी देते हुए कह रहे हैं कि यदि वह किसी होटल का कर्मचारी है तो अपने काम की जगह पर ही रहे और इस तरह रास्ते में श्रद्धालुओं को रोककर कमरे लेने के लिए मजबूर न करे।

प्रशासन को पहले भी दी गई थी सूचना, पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार

निहंग का दावा है कि श्रद्धालुओं के साथ होने वाली इस परेशानी को लेकर पहले भी कई बार ऐसे लोगों को समझाया जा चुका था और स्थानीय प्रशासन को भी इस समस्या से अवगत करवाया गया था। हालांकि, स्थिति में कोई सुधार न होने पर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। फिलहाल, हेरिटेज स्ट्रीट पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, इस पूरे मामले में अभी तक स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Harassing pilgrims over a hotel room in Amritsar proved costly; an enraged Nihang slapped