जालंधर: माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। पंजाब सरकार ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जालंधर से कटरा के लिए एक नई और आरामदायक वोल्वो बस सेवा की शुरुआत की है। लंबे समय से यात्रियों को सीधी बस सेवा न मिलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए अब यह कदम उठाया गया है। नई वोल्वो सेवा शुरू होने से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को सीधा, सुविधाजनक और आरामदायक सफर मिल सकेगा।
जानें बस की टाइमिंग और रूट
यह नई वोल्वो बस रोजाना सुबह 9:15 बजे जालंधर बस स्टैंड से रवाना होगी और शाम 5 बजे सीधे कटरा पहुंचेगी। जालंधर बस स्टैंड के जीएम मनिंदर पाल सिंह के अनुसार, यह बस जालंधर से चलकर टांडा, दसूहा, मुकेरियां, पठानकोट और जम्मू होते हुए कटरा तक का सफर तय करेगी। वापसी के दौरान भी बस के यही स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। इस बस के संचालन को पिछले सप्ताह ही मंजूरी मिल गई थी, लेकिन कटरा में टाइमिंग की समस्या के कारण इसकी शुरुआत में थोड़ी देरी हुई। अब यह सेवा नियमित रूप से संचालित कर दी गई है।
मात्र इतने रुपए तय किया गया है किराया
इस शानदार और वातानुकूलित वोल्वो बस का जालंधर से कटरा तक का किराया 945 रुपए निर्धारित किया गया है। पंजाब रोडवेज की इस नई बस सेवा को पहले दिन ही अच्छा रिस्पॉन्स मिला और जालंधर से 20 यात्रियों ने इसमें अपना सफर तय किया। कम खर्च में आरामदायक सफर के लिए यह बस यात्रियों की पहली पसंद बन सकती है।
यात्रियों के अच्छे रिस्पॉन्स पर बढ़ेंगी और बसें
जीएम मनिंदर पाल सिंह ने बताया कि जालंधर से कटरा के लिए वोल्वो बस चलाने की यात्रियों की भारी मांग थी। इसी मांग को प्राथमिकता देते हुए यह बस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यात्रियों की तरफ से इस सेवा को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो भविष्य में यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए इस रूट पर और भी बसें चलाई जा सकती हैं।


Great news for Vaishno Devi devotees: Direct Volvo bus service launched from Jalandhar to Katra




