अमृतसर: पंजाब रोडवेज की बसों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। अक्सर बस में टिकट लेते समय यात्रियों और कंडक्टर के बीच छुट्टे पैसों (चेंज) को लेकर होने वाली झिकझिक अब जल्द ही खत्म होने वाली है। पंजाब रोडवेज अपनी टिकट व्यवस्था में एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करने जा रहा है। अब यात्रियों को टिकट लेने के लिए केवल नकद रुपयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे डिजिटल माध्यम से भी चुटकियों में भुगतान कर सकेंगे। विभाग ने इस आधुनिक प्रणाली का ट्रायल शुरू कर दिया है, जिससे जल्द ही यात्रियों का सफर और भी आसान व सुविधाजनक हो जाएगा।
कंडक्टर के हाथ में होगी नई मशीन, QR कोड से एक स्कैन में मिलेगा टिकट
रोडवेज सूत्रों के अनुसार, विभाग द्वारा शुरू की जा रही इस नई टिकटिंग व्यवस्था में यात्रियों को कैश के साथ-साथ डिजिटल पेमेंट के कई विकल्प मिलेंगे। अब कंडक्टर के हाथ में मौजूद मशीन में क्यूआर कोड (QR Code), यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध होगी। यात्री बस में बैठते ही अपने स्मार्टफोन से कोड स्कैन करके सीधे टिकट का पैसा चुका सकेंगे। इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को पूरी तरह से आधुनिक बनाना है। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि पूरी टिकट प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और पारदर्शी बन जाएगी।
पूरी व्यवस्था लागू होने में लगेगा एक महीना, शुरू हुई मशीनों की टेस्टिंग
इस नई व्यवस्था को बसों में पूरी तरह से लागू करने में अभी लगभग एक महीने का समय लग सकता है, क्योंकि मशीनों की कार्यप्रणाली को सेट किया जा रहा है। पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान जोध सिंह ने बताया कि इस कदम से जहां यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं कंडक्टरों की कार्यशैली में भी काफी सुधार होगा। अब टिकट का पैसा सीधे विभाग के खाते में जमा होगा, जिससे हिसाब-किताब में पारदर्शिता आएगी। वहीं, अमृतसर के जीएम-2 हरविंदर सिंह ने बताया कि इन नई मशीनों की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। जल्द ही इन मशीनों में ड्राइवर और कंडक्टर के नाम भी फीड किए जाएंगे, जिसके बाद ये हाईटेक मशीनें पंजाब रोडवेज की सभी बसों में काम करती दिखाई देंगी।


Great news for Punjab Roadways passengers: tickets can now be issued even without cash in hand








