कोटली सूरत मल्ली: पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने अपराध की काली दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कहने का बड़ा ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए जग्गू और उसकी टीम ने घोषणा की है कि वह अब गैंगस्टर लाइफ से पूरी तरह संन्यास ले रहा है और अपने हिस्से की हर कानूनी सजा काटने के लिए तैयार है। कभी बंदूकों और खौफ के साए में जीने वाले इस गैंगस्टर के अचानक हृदय परिवर्तन और समाज सेवा में उतरने की बातों ने पुलिस से लेकर आम जनता तक को हैरत में डाल दिया है। इसके साथ ही उसके डेरा बाबा नानक इलाके से चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं।
मां की हत्या ने झकझोरा, कहा- ‘अपराध का अंत सिर्फ बर्बादी है’
जग्गू भगवानपुरिया के नाम से साझा की गई इस सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया है कि पिछले साल उसकी मां हरजीत कौर की हत्या ने उसे अंदर से पूरी तरह तोड़ कर रख दिया था। इस गहरे सदमे के बाद उसे यह अहसास हुआ कि अपराध के रास्ते का अंत सिर्फ दुख, मौत, जेल और पूरे परिवार की बर्बादी ही है। उसने लिखा कि कोई भी मां-बाप यह नहीं चाहते कि उनका बेटा इस दलदल में फंसे। नादानी, खराब हालात और बुरी संगत इंसान से गलत फैसले करवा देती है, लेकिन अंततः अपनी गलतियों की जिम्मेदारी खुद ही लेनी पड़ती है। जग्गू ने कहा कि अब उसका भरोसा सिर्फ देश के कानून और वाहेगुरु की रजा पर है।
2007 में शुरू हुआ था जुर्म का सफर, अब अदालत पर भरोसा
अपने काले अतीत का जिक्र करते हुए जग्गू ने बताया कि उसने 2007-08 में बहुत छोटी उम्र में ही जुर्म की दुनिया में कदम रख दिया था। कई केस दर्ज हुए, वह जेल गया और वहां से फरार भी हुआ। इसके बाद वह इस अंधेरे रास्ते में और गहराई तक धंसता चला गया, जिसके बाद 2015 में पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। जग्गू ने पोस्ट में साफ किया कि अब वह पूरी तरह होश-हवास में यह ऐलान कर रहा है कि उसके ऊपर जितने भी मामले हैं, वह कानूनी तरीके से उनका सामना करेगा। अदालत से उसे 10 साल या 20 साल, जो भी सजा मिलेगी, उसे वह पूरी ईमानदारी से भुगतेगा। उसने यह भी बताया कि भगवानपुरिया ग्रुप को अब कोई नया लीडर चलाएगा, जिसके नाम का ऐलान जल्द होगा।
डेरा बाबा नानक से विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
इस संन्यास के ऐलान के पीछे एक बड़ा सियासी एंगल भी साफ नजर आ रहा है। दरअसल, पिछले कई महीनों से जग्गू भगवानपुरिया की टीम ने डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां काफी तेज कर दी हैं। इलाके में गरीब और जरूरतमंद लड़कियों की शादी पर उसकी टीम की ओर से 21,000 रुपये का शगुन और अन्य आर्थिक मदद बांटी जा रही है। जग्गू ने भी अपनी पोस्ट में वचन दिया है कि वह और उसका परिवार हमेशा अपने इलाके की सेवा करते रहेंगे। इन तमाम जनसंपर्क गतिविधियों को देखते हुए इलाके में यह चर्चा तेज हो गई है कि जग्गू भगवानपुरिया अब डेरा बाबा नानक सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में है।


Gangster Jaggu Bhagwanpuria quits the world of crime, vows to ‘serve his sentence honestly’








