
अमृतसर: शनिवार को अमृतसर के मेहता थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जुगराज सिंह उर्फ तोता के रूप में हुई है। यह पूरी वारदात पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर बाइक पर सवार होकर आते और घटना को अंजाम देते दिख रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव चन्ननके में जुगराज सिंह पर तीन अज्ञात युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बेहद करीब से जुगराज को निशाना बनाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हत्याकांड के कुछ ही देर बाद, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बंबीहा गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में हत्या का कारण जुगराज सिंह का गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी होना और उसके लिए काम करना बताया गया है। पोस्ट में लिखा गया है, “सत श्री अकाल मेरे सभी भाइयों को। यह जो चन्ननके गांव में जुगराज सिंह उर्फ तोता का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं डोनी बल, मोहब्बत रंधावा और कौशल चौधरी लेते हैं।”
पोस्ट में आगे जुगराज पर आरोप लगाया गया है कि उसने जग्गू भगवानपुरिया के कहने पर उनके भाई गोरे बरियाड़ के कत्ल में रेकी की थी। पोस्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि, “बाकी जो भौंक रहे हैं, वे भी तैयार रहें। हमारा ध्यान सभी पर है। वेट एंड वॉच।” हालांकि, पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है।
इस मामले पर मेहता थाने के एएसआई बलकार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। उन्होंने कहा कि जुगराज सिंह खुद भी एक गैंगस्टर था और उसके खिलाफ भी मामले दर्ज थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हमलावरों की तलाश में पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बंबीहा और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है। इससे पहले भी बंबीहा गैंग जग्गू भगवानपुरिया के करीबी करनवीर सिंह और जग्गू की मां हरजीत कौर की हत्या को अंजाम दे चुका है।
View this post on Instagram

Gang war in broad daylight in Punjab








