चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पीजीआई (PGI) के पास सेक्टर-11 स्थित एक नामी मेडिकल स्टोर पर दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस खौफनाक वारदात में ‘श्री कुमार मेडिकल स्टोर’ के कैशियर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका खौफनाक वीडियो अब सामने आ गया है। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित रोहड़ू के रहने वाले 45 वर्षीय जानकी दास के रूप में हुई है।
21 सेकेंड की रेकी और 1 सेकेंड में 13 फायर
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी, तभी चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगाए दो बदमाश ग्राहक बनकर अंदर दाखिल होते हैं। भीड़भाड़ के कारण उन पर किसी का ध्यान नहीं जाता है। दोनों करीब 21 सेकेंड तक काउंटर के पास शांति से खड़े होकर दुकान का माहौल समझते हैं। इसके बाद वे काउंटर की आड़ में अपने हाथ छिपाकर ऑटोमैटिक गन लोड करते हैं और अचानक कैशियर जानकी पर गोलियों की बौछार कर देते हैं। गन ऑटोमैटिक होने के कारण महज एक सेकेंड के भीतर ही 13 राउंड फायर हुए और बदमाश पलक झपकते ही वहां से भाग निकले।

पुलिस नाके के चंद कदम दूर दुस्साहस, स्कूटी पर आए थे तीन बदमाश
एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वारदात दोपहर करीब ढाई बजे अंजाम दी गई। हमलावर कुल तीन की संख्या में थे और स्कूटी पर सवार होकर आए थे। दो बदमाश हथियार लेकर दुकान के अंदर गए थे, जबकि उनका तीसरा साथी स्कूटी स्टार्ट करके बाहर ही इंतजार कर रहा था। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि जिस मेडिकल स्टोर में यह खूनी खेल खेला गया, वहां से चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिस का पक्का नाका लगा हुआ था। इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बेखौफ बदमाश दिनदहाड़े हत्या कर आसानी से फरार हो गए।

रंगदारी से जुड़े हैं तार, गोल्डी बराड़ गैंग पर शक गहराया
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और चंडीगढ़ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे मार्केट ब्लॉक को सील कर दिया है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात के तार रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुमार मेडिकल स्टोर के मालिकों को पहले भी कुख्यात गोल्डी बराड़ और लॉरेंस गैंग की तरफ से रंगदारी के लिए धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते उन्हें पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई गई थी। डीएसपी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस रंगदारी सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर के रास्तों पर कड़ी नाकाबंदी कर दी गई है।


Fear of the Lawrence-Goldy gang grips Chandigarh; cashier riddled with 13 bullets








