
फिरोजपुर: फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव खैरेके उताड़ का एक किसान गलती से सरहद पार कर पाकिस्तान पहुंच गया है। घटना के 14 दिन बीत जाने के बाद अब पाकिस्तानी रेंजर्स ने पुष्टि की है कि किसान अमृतपाल सिंह (21) उनकी पुलिस की हिरासत में है। पीड़ित परिवार ने अब पंजाब सरकार से उसे सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से संपर्क करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, किसान अमृतपाल सिंह 21 जून को सीमा पर लगी फेंसिंग के पार अपने खेत में खेती करने के लिए गया था। काम करने के दौरान वह अचानक रास्ता भटककर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हो गया। जब वह शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उसकी तलाश शुरू की।
मामले को लेकर बीएसएफ के अधिकारियों ने पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ तीन बार फ्लैग मीटिंग भी की। इन बैठकों में पाकिस्तानी रेंजर्स लगातार यही दावा करते रहे कि अमृतपाल उनके कब्जे में नहीं है।
हालांकि, 27 जून को पाक रेंजर्स ने बीएसएफ को सूचित किया कि अमृतपाल सिंह पाकिस्तान पुलिस की हिरासत में है। इस पुष्टि के बाद से परिवार बेहद चिंतित है और उसकी जल्द वापसी की प्रार्थना कर रहा है।
शनिवार को जिला प्रशासन के अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे और पूरी जानकारी हासिल की। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और अमृतपाल को सुरक्षित भारत लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अमृतपाल की वतन वापसी होगी।
View this post on Instagram
Farmer Amritpal accidentally reached Pakistan








