You are currently viewing जालंधर में शराब के ठेकेदारों पर एक्साइज विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक, मशहूर अवतार नगर ग्रुप पर जड़ा ताला, शराब माफियाओं में हड़कंप

जालंधर में शराब के ठेकेदारों पर एक्साइज विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक, मशहूर अवतार नगर ग्रुप पर जड़ा ताला, शराब माफियाओं में हड़कंप

जालंधर: पंजाब आबकारी विभाग इन दिनों पूरी तरह से एक्शन मोड में है। पंजाब एक्साइज एक्ट 1914 और एक्साइज पॉलिसी 2026-27 के नियमों को ताक पर रखने वालों की अब कोई खैर नहीं है। जालंधर मंडल के अंतर्गत आने वाले अमृतसर, कपूरथला और जालंधर शहर के दरियाई क्षेत्रों में विभाग की ओर से ताबड़तोड़ छापेमारी का अभियान चलाया जा रहा है। शहर में अवैध रूप से शराब का धंधा करने वालों पर नकेल कसते हुए विभाग ने दो टूक चेतावनी दी है कि जो भी शराब ग्रुप नियमों की अवहेलना करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

अवतार नगर ग्रुप की मनमानी पर चला डीसी का डंडा

विभागीय सख्ती का ताजा शिकार जालंधर का अवतार नगर ग्रुप (मोहाली टाउन) हुआ है। आबकारी इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ढींडसा ने कुछ दिन पहले इस ग्रुप को एक्साइज एक्ट के आदेश नंबर 1 की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए पकड़ा था। नियमों की इस अनदेखी की विस्तृत रिपोर्ट तुरंत उच्च अधिकारियों को भेजी गई। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डिप्टी कमिश्नर एक्साइज (जालंधर मंडल) सुरेंद्र कुमार गर्ग ने बिना कोई ढील दिए तुरंत एक्शन लिया और 14 मई 2026 को इस ग्रुप को पूरे एक दिन के लिए बंद करने के सख्त आदेश जारी कर दिए।

चोर दरवाजों से शराब बिकने से रोकने के लिए इलाके में पैनी नजर

इस बड़ी कार्रवाई के पीछे डीसी एक्साइज सुरेंद्र कुमार गर्ग, आईटीसी एक्साइज नवजीत सिंह और ईटीओ जसप्रीत सिंह के कड़े दिशा-निर्देश हैं। इंस्पेक्टर ढींडसा ने साफ किया है कि उनकी जिम्मेदारी केवल चालान काटने या रिपोर्ट देने तक सीमित नहीं है। बंदी वाले दिन शराब की दुकानें गुप्त रूप से न खुल सकें और न ही कोई गलत तरीके से शराब की बिक्री हो, इसके लिए वे खुद इलाके में विशेष निगरानी रखे हुए हैं। इससे पहले भी इंस्पेक्टर ढींडसा ने बस्तियात इलाके में और इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह व जशन सिंह ने लंबा पिंड क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा था। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि शराब माफियाओं और नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह डंडा आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।

Excise Department Launches ‘Surgical Strike’ Against Liquor Contractors in Jalandhar