You are currently viewing गौशाला में ड्यूटी के दौरान मसाज का मजा लेना पड़ा भारी,तस्वीरें वायरल होते ही निगम कमिश्नर ने लिया ये बड़ा एक्शन

गौशाला में ड्यूटी के दौरान मसाज का मजा लेना पड़ा भारी,तस्वीरें वायरल होते ही निगम कमिश्नर ने लिया ये बड़ा एक्शन

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के मखनमाजरा गौशाला में ड्यूटी के समय आराम फरमाने और मसाज करवाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर लापरवाही बरतने वाले एक नियमित कर्मचारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि आउटसोर्सिंग के जरिए रखे गए दो कर्मचारियों को सीधे नौकरी से निकाल दिया गया है।

वायरल तस्वीरों से खुली पोल और गिरी गाज

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को कई स्थानीय डिजिटल पोर्टल्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर गौशाला की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। इन तस्वीरों में कर्मचारी ड्यूटी के दौरान बेहद अनुचित तरीके से काम करते और आराम फरमाते नजर आ रहे थे। नगर निगम ने इसे सरकारी आचरण नियमों का सीधा उल्लंघन और विभाग की साख को बट्टा लगाने वाला माना। इसके तुरंत बाद कमिश्नर के आदेश पर नियमित कर्मचारी सुच्चा सिंह (सैनिटरी जमादार) को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ पाएंगे।

सफाई कर्मचारियों से मसाज करवा रहे थे इंस्पेक्टर साहब

इस पूरे मामले में मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (एमओएच) ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों को सख्त पत्र लिखकर दो अन्य कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म करवा दी हैं। इनमें से एक सैनिटरी इंस्पेक्टर ईशु सिंगला हैं, जिन पर आरोप है कि वह ड्यूटी के समय गौशाला में सफाई कर्मचारियों से अपनी मसाज करवा रहे थे। वहीं, दूसरा कर्मचारी गौरव (MTW) है, जिस पर सैनिटरी इंस्पेक्टर की मालिश करने का आरोप लगा है। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन दोनों की सेवाएं तुरंत प्रभाव से समाप्त की जाएं। निगम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद विभाग के बाकी कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है।

Enjoying a massage while on duty at a cow shelter proved costly; the Municipal Commissioner took action