You are currently viewing जालंधर पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, हथियार रिकवरी के दौरान भाग रहे डोनी बल गैंग के शूटर की टांग में लगी गोली; काबू

जालंधर पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, हथियार रिकवरी के दौरान भाग रहे डोनी बल गैंग के शूटर की टांग में लगी गोली; काबू

जालंधर: जालंधर में जमशेरपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास शनिवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस हिरासत से भागने और पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने की कोशिश में आरोपी की टांग में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पकड़ा गया आरोपी कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

वारदात की फिराक में था आरोपी, सीसीटीवी से हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाश की पहचान सुखजिंदर उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है, जो तरनतारन का रहने वाला है। शुरुआती जांच में सामने आया था कि आरोपी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उसे पहले ही राउंडअप कर हिरासत में ले लिया था।

हथियार रिकवरी के दौरान पुलिस पर तानी पिस्तौल

पूछताछ के बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम सुखजिंदर उर्फ प्रिंस को छिपाए गए हथियार बरामद करवाने और शिनाख्त कराने के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और भागने की नीयत से पुलिस पार्टी पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ में चलीं 3 गोलियां, सिविल अस्पताल में भर्ती

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस पूरी मुठभेड़ के दौरान कुल 3 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली सुखजिंदर की टांग में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। घायल बदमाश को फौरन कड़ी सुरक्षा के बीच जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से चली हुई गोली के खोल और आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद कर ली गई है। पुलिस अब डोनी बल गैंग से जुड़े उसके अन्य संपर्कों और आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है।

Encounter between Jalandhar Police and a gangster; a shooter from the Doni Bal gang was shot in the leg while trying to flee