You are currently viewing जालंधर में निगम के बड़े ठेकेदार के ठिकानों पर रेड , ED और NIA के छापेमारी से केजरीवाल का फूटा गुस्सा

जालंधर में निगम के बड़े ठेकेदार के ठिकानों पर रेड , ED और NIA के छापेमारी से केजरीवाल का फूटा गुस्सा

जालंधर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए मंगलवार को एक बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी की टीमों ने पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में एक साथ छह अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह पूरी कार्रवाई मुख्य रूप से ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ से जुड़े लोगों और संस्थाओं के खिलाफ की गई है। इस दौरान ईडी ने जालंधर, लुधियाना, बरेली और दिल्ली-नोएडा के कई आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को खंगाला और वहां से कई बेहद अहम दस्तावेज व डिजिटल सबूत अपने कब्जे में लिए हैं।

जालंधर के बड़े ठेकेदार अमित बजाज के घर भी रेड

इस व्यापक और गोपनीय अभियान के तहत ईडी की रडार पर जालंधर के न्यू जवाहर नगर इलाके में रहने वाले नगर निगम के एक बेहद बड़े ठेकेदार व CA अमित बजाज भी आ गए हैं। टीम ने अहले सुबह अमित बजाज के आवास पर भी दबिश दी। आपको बता दें कि अमित और उनके बड़े भाई इंद्रजीत बजाज सिर्फ जालंधर में ही नहीं, बल्कि लुधियाना, मोहाली, ट्राई-सिटी और गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में भी नगर निगम और बड़े सरकारी विभागों के प्रमुख ठेकेदार रहे हैं। इसके साथ ही, यह दोनों भाई मैनपावर आउटसोर्सिंग के लिए बकायदा एक सोसायटी का भी संचालन करते हैं, जिसके सारे रिकॉर्ड अब ईडी खंगाल रही है।

100 करोड़ के GST फर्जीवाड़े से जुड़े हैं मामले के तार

ईडी की यह ताजा कार्रवाई कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है। दरअसल, ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ का यह पूरा मामला 100 करोड़ रुपये के कथित बड़े जीएसटी फर्जीवाड़े और राउंड-ट्रिपिंग के जरिए की गई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ही करीब एक महीने पहले ईडी ने पंजाब के मंत्री और इस रियल एस्टेट कंपनी के पूर्व निदेशक संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। अब मंगलवार को हुई इस ताजा छापेमारी को उसी हाई-प्रोफाइल जांच की अगली और सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है, ताकि अवैध रूप से किए गए इस पूरे फंड ट्रांसफर की आखिरी तह तक पहुंचा जा सके।

छापेमारी पर अरविंद केजरीवाल का फूटा गुस्सा, व्यापारियों से की यह खास अपील

केंद्रीय एजेंसी की इस कार्रवाई पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सीधा हमला बोला और लिखा कि आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ईडी की रेड की जा रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब के छोटे-छोटे व्यापारियों को जानबूझकर तंग किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों को ढांढस बंधाते हुए अपील की है कि उन्हें घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हम सब मिलकर इसका डटकर मुकाबला करेंगे।

मानसा में एनआईए का भी बड़ा एक्शन, पाकिस्तानी डॉन से जुड़े तार

एक तरफ जहां जालंधर में ईडी की छापेमारी से राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हलचल तेज है, वहीं दूसरी तरफ मानसा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक, एनआईए की टीम ने यहां एक युवक को घेरा है। जांच एजेंसी को इस युवक पर पुख्ता शक है कि वह सीधे तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के संपर्क में था। इस इनपुट के आधार पर की गई इस रेड के बाद पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी जांच का दायरा और भी बढ़ा दिया है।

ED and NIA launch a twin strike in Punjab early in the morning; a raid on a Chartered Accountant’s home