जालंधर: जालंधर शहर के अवतार नगर गली नंबर 7 से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही हाथों अपना हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया। हीरा नाम के इस सिरफिरे व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अपने बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी है। दिनदहाड़े हुए इस भयानक दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी है।
स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा घर में बिखरा खून
इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी हीरा के चार मासूम बच्चे दोपहर को स्कूल से पढ़ाई करके वापस घर लौटे। घर का दरवाजा खोलते ही बच्चों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर उनकी मां और दादा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हुए थे। यह मंजर देखकर बच्चों की चीख निकल गई, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इस दोहरे हत्याकांड की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया।
सुबह के विवाद में हुआ कत्ल, आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और मुआयना शुरू कर दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि सुबह के समय घर में किसी बात को लेकर भारी विवाद और लड़ाई-झगड़ा हुआ था, जिसके बाद तैश में आकर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हालांकि, इस भयानक कत्ल के पीछे की असल और ठोस वजह क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी हीरा को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाकर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


Double murder in broad daylight sparks panic in Jalandhar; man kills wife and father




