You are currently viewing ‘उन्हें मत छोड़ना, उन्होंने मुझे आग लगा दी’… पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का मौत से पहले PGI से वीडियो आया सामने

‘उन्हें मत छोड़ना, उन्होंने मुझे आग लगा दी’… पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का मौत से पहले PGI से वीडियो आया सामने

चंडीगढ़: चंडीगढ़ से अगवा कर जिंदा जलाई गई पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत से पहले का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उस वक्त का है जब वह गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में चंडीगढ़ के पीजीआई (PGI) अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थी। वीडियो में मनजीत कौर ने दर्द से कराहते हुए अपने कातिलों के नाम उजागर किए हैं और न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।

‘मैं बहुत तकलीफ में हूं, उन्होंने मोरिंडा ले जाकर आग लगाई’

सामने आए वीडियो में मनजीत कौर ने अस्पताल के बिस्तर से कहा, “सत श्री अकाल, मैं आपकी मनजीत कौर। आप सब जानते हो मैं डेढ़ महीने से यहां पड़ी हूं और बहुत ज्यादा तकलीफ में हूं। मुझे शुभी, नेहा और दो लड़कों ने… शुभी के साथ इन्होंने मोरिंडा ले जाकर आग लगाई, जिनके कारण मैं आज इस हालत में यहां पड़ी हूं। उन्हें मत छोड़ना, उन्होंने मुझे वहां ले जाकर आग के हवाले कर दिया।”

3 महीने की गर्भवती थी मनजीत, 2 महीने बाद तोड़ा दम

जांच में सामने आया है कि वारदात के वक्त मनजीत कौर 3 महीने की गर्भवती थी। उसे चंडीगढ़ से अगवा किया गया था और फिर रोपड़ के पास ले जाकर उसे आग के हवाले कर दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें। गंभीर रूप से झुलस चुकी मनजीत करीब दो महीने तक पीजीआई में भर्ती रही, जहां लंबे इलाज के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद ही इस रूह कंपा देने वाली वारदात की परतें खुलीं।

चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में हुई थी दरिंदगी, मुख्य आरोपी रिंकू

चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी परमिंदर उर्फ पिंदा को गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल पुलिस रिमांड पर है। रिमांड के दौरान पिंदा ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि मनजीत के साथ दरिंदगी और मारपीट पंजाब के मोरिंडा में नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में की गई थी। इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता रिंकू नाम का युवक है, जिसके साथ मनजीत रिलेशनशिप में थी।

विवाद और मारपीट के बाद रची गई खौफनाक साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी पिंदा ने बताया कि मनजीत और मुख्य आरोपी रिंकू के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। वारदात वाले दिन दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। इसके बाद रिंकू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनजीत को ठिकाने लगाने का खौफनाक प्लान बनाया। गिरफ्तार पिंदा ने दावा किया कि उसने सिर्फ रिंकू की मदद की थी। मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली मनजीत कौर अविवाहित थी और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी। पुलिस अब वीडियो के आधार पर नामजद अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।

“Don’t let them go, they set me on fire”… Video of Punjabi influencer Manjeet Kaur from PGI surfaces before her death