जालंधर: जालंधर जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे लोगों को उनके ही घरों में बंधक बनाकर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला लांबड़ा थाना क्षेत्र के गद्दो वाली पिंड से सामने आया है, जहां शुक्रवार देर रात शातिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने के गहनों और हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बदमाशों को इस बात का पहले से अंदाजा था कि मकान मालिक किस कमरे में सो रहा है, इसलिए उन्होंने वारदात से पहले कमरे को बाहर से भारी सामान रखकर लॉक कर दिया था, ताकि कोई बाहर न निकल सके।
खेत के रास्ते घुसे, कांच टूटने की आवाज को किया नजरअंदाज
पीड़ित मकान मालिक गुरमीत राम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात करीब 2 बजे जब वह वॉशरूम जाने के लिए उठे थे, तब घर में सबकुछ बिल्कुल सामान्य था। घर के पिछले हिस्से में खेत हैं और चोरों ने उसी सुनसान रास्ते का फायदा उठाया। वे खिड़की का शीशा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। गुरमीत राम के मुताबिक, जब वह पास वाले कमरे में सो रहे थे, तो उन्हें कांच टूटने की आवाज भी आई थी, लेकिन उन्होंने इसे कोई सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने इत्मीनान से अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे करीब 4 तोले सोने के आभूषण (सोने की चेन, अंगूठियां और टॉप्स) उड़ा लिए।
कमरे के बाहर मेज और भारी बैग रखकर किया कैद
चोर कितने शातिर थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चोरी करते वक्त किसी तरह का जोखिम नहीं लिया। चोरों को भली-भांति पता था कि गुरमीत राम साथ वाले कमरे में सो रहे हैं। ऐसे में अगर उनकी आंख खुल गई तो चोरी नाकाम हो सकती है। इसलिए बदमाशों ने अंदर से एक बड़ा मेज दरवाजे के आगे लगा दिया और उस पर बच्चों के किताबों से भरे भारी बैग रखकर मेज को दरवाजे से बांध दिया। सुबह सवा 5 बजे जब गुरमीत राम उठे और बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा नहीं खुला। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने जब जोर लगाकर दरवाजा खोला, तो सामने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दूसरे कमरे में अलमारी टूटी पड़ी थी और कपड़े बिखरे हुए थे।
शादी के लिए सहेज कर रखे थे 40 हजार के नए नोट, नंगे पैर आए थे चोर
इस चोरी ने परिवार को गहरा आर्थिक झटका दिया है। गुरमीत राम ने बताया कि उनके एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरे बेटे की शादी जल्द ही होने वाली है। इस समारोह के शगुन और अन्य खर्चों के लिए उन्होंने बड़ी हिफाजत से 100, 50, 20 और 10 रुपये के कोरे (नए) नोटों की गड्डियां जोड़कर रखी थीं। यह रकम करीब 40 हजार रुपये थी, जिसे शातिर चोर अपने साथ ले गए। हालांकि, घर के पिछले हिस्से की गीली मिट्टी में चोरों के पैरों के निशान साफ छप गए हैं। निशान देखकर पता चलता है कि चोर नंगे पैर आए थे और कई जगहों पर उनके फिसलने के निशान भी मौजूद हैं। फिलहाल लांबड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज कर लिए हैं और पीड़ित खुद भी आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि आरोपियों का कोई सुराग लग सके।


Cunning thieves in Jalandhar locked a sleeping family inside a room and made off with 40,000 rupees




